गोपालगंज: सूखे नशे के दलदल में फंसा इकलौता बेटा, 25 कट्ठा जमीन के साथ बहनों का आशियाना भी बेचा, सड़क पर आया परिवार

Drug Addiction: सूखे नशे की लत ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। इकलौते बेटे अफजल अंसारी ने अपनी नशे की आदत पूरी करने के लिए 25 कट्ठा पुश्तैनी जमीन और बहनों द्वारा बनवाया गया मकान भी बेच दिया। अब वह सड़क पर आ गया है।

Drug Addiction: ड्रग्स की लत किस तरह हंसते-खेलते परिवारों को बर्बादी के कगार पर ला खड़ा करती है, इसकी बानगी भोरे थाना क्षेत्र के देऊरवां गांव में देखने को मिली है. यहां सूखे नशे के चंगुल में फंसे इदरीश अंसारी के इकलौते पुत्र अफजल अंसारी ने अपनी लत पूरी करने के चक्कर में न केवल 25 कट्ठा जमीन गवां दी, बल्कि बहनों द्वारा बनाये गये मकान को भी बेच डाला. अब आलम यह है कि कभी लाखों की संपत्ति का मालिक रहा अफजल आज सड़क पर आ गया है.

स्थानीय लोगों के अनुसार, इदरीश अंसारी की चार बेटियां और एक इकलौता बेटा अफजल है. बहनों की शादी गांव वालों के सहयोग से हुई थी. भाई के रहने के लिए चारों बहनों ने मिलकर पाई-पाई जोड़कर एक पक्का मकान बनवाया था, ताकि वह अपनी पत्नी के साथ वहां सुख-चैन से रह सके. लेकिन वर्ष 2023 में मां के इंतकाल के बाद अफजल सूखे नशे (स्मैक व अन्य मादक पदार्थ) का शिकार हो गया. नशे की पूर्ति के लिए उसने धीरे-धीरे अपनी 25 कट्ठा पुश्तैनी जमीन बेच दी और अंत में बहनों के बनवाये मकान का भी सौदा कर लिया.

मकान नहीं, केवल जमीन की हुई थी रजिस्ट्री

हैरानी की बात यह है कि मकान बेचने के बाद अफजल उसी व्यक्ति के पास रहने लगा, जिसने उसकी जमीन खरीदी थी. मामले का खुलासा तब हुआ, जब बहनों को इसकी जानकारी मिली. बहन जैनब खातून व अन्य बहनें जब गांव पहुंचीं, तो मकान में ताला लटका मिला.

बहनों ने बताया कि मकान का सौदा करते समय केवल जमीन की ही रजिस्ट्री करायी गयी थी. कागजातों में मकान को नहीं दर्शाया गया था.

पुलिस की मदद से खुला ताला, बहनों ने मांगी कार्रवाई

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस की मदद से बंद पड़े मकान का ताला खुलवाया गया. भाई की इस हालत और बर्बादी को देखकर बहनें फूट-फूटकर रो पड़ीं.

बहन जैनब खातून ने कहा, "नशा आज कितने ही परिवारों को तबाह कर रहा है. सिर्फ हमारा भाई ही नहीं, बल्कि कई युवा इसकी गिरफ्त में आकर अपनी जिंदगी बर्बाद कर रहे हैं."

बहनों ने स्थानीय पुलिस प्रशासन से नशा कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई करने और इस मामले में न्याय दिलाने की गुहार लगायी है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

इसे भी पढ़ें: गोपालगंज के थावे में दहेज की बलि चढ़ी दो बच्चों की मां, 2 लाख रुपये के लिए सास-ननद ने ली जान, दो हिरासत में एक ननद फरार


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुरेश राय

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >