गोपालगंज: पुलिस भर्ती की तैयारी में दौड़ लगा रहा था युवक, पीछे से आए ट्रैक्टर-ट्रॉली ने दोनों पैर कुचले, अस्पताल ले जाने के दौरान मौत

बिहार पुलिस में भर्ती का सपना देख रहे नितेश की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई. दौड़ लगाते समय अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उसे कुचल दिया. इलाज के लिए ले जाते वक्त रास्ते में ही दम तोड़ दिया.

Gopalganj accident: भोरे-मीरगंज मुख्य पथ पर बुधवार की सुबह अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से गंभीर रूप से जख्मी हुए युवक की इलाज के लिए गोरखपुर ले जाने के दौरान रास्ते में ही मौत हो गयी. मृतक की पहचान जोरावरपुर गांव निवासी विनोद कुमार के पुत्र नितेश कुमार (22) के रूप में हुई है. नितेश बिहार पुलिस बहाली की तैयारी कर रहा था. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीत्कार मच गया, जबकि पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है.

दोस्तों के साथ दौड़ लगा रहा था नितेश

घटना के संबंध में बताया जाता है कि नितेश कुमार बुधवार की अहले सुबह अपने साथियों के साथ बिहार पुलिस बहाली की शारीरिक परीक्षा की तैयारी के लिए दौड़ लगा रहा था. सभी युवक बंतरिया मोड़ से दौड़ते हुए हुस्सेपुर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान तिवारी ब्रदर्स फर्नीचर दुकान के समीप पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने नितेश को जोरदार ठोकर मार दी.

ठोकर लगने के बाद नितेश सड़क पर गिर गया और ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया उसके दोनों पैरों को कुचलता हुआ निकल गया. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया.

प्राथमिक उपचार के बाद गोरखपुर किया गया रेफर

हादसे के बाद स्थानीय लोगों और नितेश के साथियों ने उसे तत्काल रेफरल अस्पताल भोरे पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने दोनों पैरों की गंभीर स्थिति और अत्यधिक रक्तस्राव को देखते हुए उसे तत्काल गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया. इसके बाद परिजन और साथी एंबुलेंस से नितेश को लेकर गोरखपुर के लिए रवाना हुए. हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गयी.

होनहार युवक की मौत से गांव में पसरा मातम

नितेश की मौत की पुष्टि होते ही साथ चल रहे परिजनों के होश उड़ गये. बिहार पुलिस में भर्ती होने की तैयारी कर रहे नितेश की असमय मौत से परिवार में कोहराम मच गया. जदयू कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों में भी गहरा शोक व्याप्त है.

फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है. पुलिस फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश कर रही है. हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया.

गोपालगंज में 3 दारोगा समेत 15 पुलिसकर्मियों पर POCSO कोर्ट ने लिया संज्ञान, बार-बार नोटिस के बाद 

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुरेश राय

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >