Gopalganj News: गोपालगंज के बैकुंठपुर प्रखंड में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत तीन जुलाई से विशेष स्क्रीनिंग अभियान चलाया जा रहा है. अभियान संभावित रूप से 14 अगस्त तक जारी रहेगा. इसके तहत बैकुंठपुर आरबीएस टीम गांव-गांव पहुंचकर संभावित टीबी मरीजों की पहचान कर रही है. लोगों को आवश्यक परामर्श देकर समय पर जांच और उपचार उपलब्ध कराने की पहल भी की जा रही है.
अभियान का उद्देश्य समुदाय में टीबी के संभावित मरीजों की शीघ्र पहचान कर संक्रमण की श्रृंखला को रोकना तथा प्रखंड और जिले को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य को प्राप्त करना है.
खैराआजम पंचायत में 342 लोगों की स्क्रीनिंग
इसी क्रम में शुक्रवार को खैराआजम पंचायत के क्षमताखैरआजम, बनकट्टी और खैर मालिकाना गांव में विशेष स्क्रीनिंग अभियान चलाया गया. इस दौरान विभिन्न स्थानों पर कुल 342 लोगों की स्वास्थ्य जांच और टीबी स्क्रीनिंग की गयी.
स्वास्थ्यकर्मियों ने लोगों को टीबी के लक्षण, बचाव और समय पर इलाज के महत्व के बारे में भी जागरूक किया.
5 अगस्त से संस्थानों में भी लगेगा शिविर
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनिल कुमार सिंह ने बताया कि अभियान को और गति देने के लिए 5 अगस्त से बैकुंठपुर क्षेत्र के हॉस्टलों, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, राजा पट्टी स्थित वेस्टवेल बायो रिफाइनरीज प्राइवेट लिमिटेड और पॉलिटेक्निक कॉलेज, भीमपुरवा में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर लगाये जायेंगे.
इन शिविरों में टीबी स्क्रीनिंग के साथ सिफिलिस, हेपेटाइटिस-बी, हेपेटाइटिस-सी, एचआईवी और ब्लड शुगर की जांच भी की जायेगी.
पोर्टेबल एक्स-रे मशीन से होगी जांच
डॉ. अनिल कुमार सिंह ने बताया कि जिला स्तर से पोर्टेबल एक्स-रे मशीन उपलब्ध करायी जायेगी. इससे संबंधित संस्थानों में मौके पर ही जांच की जा सकेगी.
स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि अधिक से अधिक लोगों की समय पर जांच कर उन्हें आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जाए, ताकि टीबी उन्मूलन अभियान को सफल बनाया जा सके.
