गोपालगंज में दो बच्चों की मां की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप, ससुराल पक्ष फरार

Gopalganj Murder News: गोपालगंज के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के दिघवा दिग्वली मठिया गांव में 26 वर्षीय विवाहिता सितारा खातून की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गला दबाकर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

Gopalganj Murder News: बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के दिघवा दिग्वली मठिया गांव में 26 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. मृतका की पहचान सितारा खातून, पति कौसर अंसारी के रूप में हुई है. मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है. घटना के बाद ससुराल पक्ष के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए हैं, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है.

वर्ष 2020 में हुई थी शादी, दो छोटे बच्चों की थी मां

जानकारी के अनुसार, सितारा खातून की शादी वर्ष 2020 में कौसर अंसारी के साथ हुई थी. उनके दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और एक बेटी शामिल हैं. मृतका का मायका हरखुआ थाना क्षेत्र में है. बताया जा रहा है कि उसका पति विदेश में वेल्डिंग का काम करता है और घटना के समय घर पर मौजूद नहीं था.

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

मृतका के परिजनों के मुताबिक, पिछले तीन दिनों से ससुराल में ननद, दयाद और सास के साथ किसी बात को लेकर लगातार विवाद चल रहा था. इसी बीच घटना वाली रात सितारा खातून की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका के पिता मोहम्मद फरीद मियां ने आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने मिलकर उनकी बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी.

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही बैकुंठपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी

पुलिस का कहना है कि मामले की सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद फरार ससुराल पक्ष के लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

Also Read: रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर: 3 ट्रेनें कैंसिल, एक शॉर्ट टर्मिनेट, एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव भी बदला



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Manish raj

Published by: Vivek Ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >