Gopalganj AI Video Viral Case: केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के बयान को कथित तौर पर तोड़-मरोड़ कर सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में गोपालगंज नगर थाना पुलिस ने शहर के जाने-माने नेता और भाकपा माले नेता आजाद शत्रु को गिरफ्तार किया है. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है.
आईटी सेल की रिपोर्ट के आधार पर हुई गिरफ्तारी
नगर थाना इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार प्रभाकर ने बताया कि यह कार्रवाई आईटी सेल की रिपोर्ट के आधार पर की गई है. पुलिस जांच में एक वीडियो सामने आया, जिसमें नीट प्रोटेस्ट से जुड़े मामले को लेकर कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का दावा किया गया था.
पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो में कथित तौर पर कुछ आपत्तिजनक बातें कही गई थीं, जिससे समाज में आक्रोश और तनाव फैलने की आशंका जताई गई. वीडियो को भड़काऊ और आपत्तिजनक मानते हुए पुलिस ने कार्रवाई की है.
AI से तैयार वीडियो वायरल करने का आरोप
पुलिस का कहना है कि केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के बयान से संबंधित वीडियो को कथित रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से तैयार कर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया था. इसके जरिए छात्रों और आम लोगों में उन्माद फैलाने की साजिश की जांच की जा रही है.
समर्थकों ने बताया वीडियो फर्जी, निष्पक्ष जांच की मांग
वहीं दूसरी ओर आजाद शत्रु के समर्थकों का कहना है कि संबंधित वीडियो फर्जी है और उसे एडिट कर गलत तरीके से वायरल किया गया है. समर्थकों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है.
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी पुलिस
नगर थाना पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. वायरल वीडियो की सत्यता, उसके स्रोत और तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें: पटना से गया तक चली तबादला एक्सप्रेस, बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में 20 अफसरों का ट्रांसफर
