Gopalganj News : गोपालगंज जिले के सिधवलिया स्थित मगध शुगर एंड एनर्जी लिमिटेड की यूनिट भारत शुगर मिल्स परिसर में मंगलवार को 'हंड्रेड डे टीबी मुक्त भारत अभियान' के तहत नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच एवं दवा वितरण शिविर का आयोजन किया गया. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), सिधवलिया के सहयोग से आयोजित इस शिविर का उद्देश्य मिल कर्मचारियों और उनके परिजनों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान सुनिश्चित करना था.
महाप्रबंधक और चिकित्सा पदाधिकारी ने किया उद्घाटन
शिविर का उद्घाटन मिल के महाप्रबंधक विकास चंद्र त्यागी और सीएचसी सिधवलिया के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मनौवर आलम ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया. इस दौरान दोनों अधिकारियों ने नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व पर भी प्रकाश डाला.
टीबी, हेपेटाइटिस-बी और एचआईवी सहित कई रोगों की हुई जांच
डॉ. शैलेश कुमार सिंह और लाल मोहम्मद के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कर्मचारियों की टीबी, हेपेटाइटिस-बी, एचआईवी सहित अन्य बीमारियों की जांच की. जांच के बाद सभी लाभार्थियों के बीच नि:शुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया. चिकित्सकों ने कर्मचारियों को स्वच्छता अपनाने, संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी.
कर्मचारियों का स्वास्थ्य हमारी प्राथमिकता : महाप्रबंधक
महाप्रबंधक विकास चंद्र त्यागी ने कहा कि कर्मचारियों का बेहतर स्वास्थ्य मिल प्रबंधन की प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविरों से बीमारियों की समय पर पहचान संभव होती है, जिससे प्रभावी उपचार किया जा सकता है. उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के स्वास्थ्य कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही.
बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने उठाया लाभ
शिविर में मिल के एचआर हेड दिनेश तिवारी, क्वालिटी कंट्रोल मैनेजर अभय मिश्रा, असिस्टेंट एचआर रजनीश सिंह, डॉ. अभिषेक कुंवर, स्वास्थ्य विभाग के एचटीएस मंजबूल हक हवाड़ी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे. बड़ी संख्या में कर्मचारियों और उनके परिजनों ने शिविर में स्वास्थ्य जांच कराकर इसका लाभ उठाया.
