गोपालगंज: विदेश भेजने के नाम पर 98 हजार की धोखाधड़ी, मीरगंज के एजेंट के खिलाफ केस दर्ज

विदेश में नौकरी का सपना देख रहे भोरे के दो युवकों से 98 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी हुई है. आरोपी ने खुद को विदेश भेजने वाला एजेंट बताकर नौकरी और वीजा दिलाने का झांसा दिया. पैसे मिलने के बाद संपर्क बंद कर दिया.

Gopalganj News : भोरे विदेश में नौकरी और वर्क परमिट दिलाने के नाम पर दो युवकों से 98 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है. पीड़ित की शिकायत पर भोरे थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

विदेश में नौकरी और वीजा दिलाने का दिया था झांसा

भोरे थाना क्षेत्र के कुकुरभुका गांव निवासी अनिल सिंह ने थाने में आवेदन देकर मीरगंज निवासी अमीर आलम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है. आवेदन में आरोप लगाया गया है कि आरोपी खुद को एचआर ओवरसीज कंसल्टेंसी, गोपालगंज (बिहार) का संचालक और विदेश भेजने वाला एजेंट बताता था. उसने अनिल सिंह और उनके साथी राकेश राय को विदेश में अच्छी नौकरी और वर्क परमिट/वीजा दिलाने का भरोसा दिया.

ऑनलाइन ट्रांसफर कराए 98 हजार रुपये

पीड़ित के अनुसार, आरोपी के झांसे में आकर दोनों ने उसके बताए बैंक खाते अथवा यूपीआई आईडी पर कुल 98 हजार रुपये ऑनलाइन भेज दिए. इसमें अनिल सिंह ने 14 अगस्त 2025 को 48 हजार रुपये, जबकि राकेश राय ने 19 अगस्त 2025 को 50 हजार रुपये ट्रांसफर किए.

पैसे मिलने के बाद टालमटोल, फिर बंद कर दिया संपर्क

आरोप है कि रुपये मिलने के बाद आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा. काफी समय बीत जाने के बावजूद न तो वीजा उपलब्ध कराया गया और न ही विदेश में नौकरी दिलाई गई. जब पीड़ितों ने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी बहाने बनाने लगा, फोन उठाना बंद कर दिया और संपर्क से बचने लगा.

लेनदेन और चैट के साक्ष्य पुलिस को सौंपे

पीड़ितों ने ऑनलाइन लेनदेन की रसीदें और व्हाट्सएप चैट सहित अन्य साक्ष्य पुलिस को उपलब्ध कराए हैं. भोरे थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की छानबीन की जा रही है और जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Suresh rai

Published by: Rajeev Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >