Gopalganj News: कटेया प्रखंड की गौरा पंचायत अंतर्गत विशुनपुरा गांव में गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे में कोबरा सांप के डंसने से चार वर्षीय मासूम की मौत हो गई. समय पर अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक कराने के कारण बच्चे की जान नहीं बच सकी. घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है.
घर में खेलते समय कोबरा ने डंसा
मृतक की पहचान विशुनपुरा गांव निवासी धर्मेंद्र प्रसाद के चार वर्षीय इकलौते पुत्र आयुष कुमार के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार गुरुवार सुबह आयुष घर में खेल रहा था. इसी दौरान उसे कोबरा सांप ने डंस लिया. सांप के काटते ही बच्चा रोते हुए परिजनों से कहने लगा कि उसे सांप ने काट लिया है.
झाड़-फूंक में लगा समय, बिगड़ती गई हालत
घटना के बाद परिजन बच्चे को तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक कराने के लिए ले गए. काफी देर तक झाड़-फूंक होती रही, लेकिन इस दौरान बच्चे की हालत लगातार बिगड़ती गई और अंततः उसकी मौत हो गई.
12 साल बाद हुआ था इकलौता बेटा
बताया जाता है कि धर्मेंद्र प्रसाद के विवाह के करीब 12 वर्ष बाद पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई थी. आयुष उनका इकलौता बेटा था. उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है.
स्थानीय लोगों ने समय पर इलाज की बताई जरूरत
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बच्चे को सांप के डंसने के तुरंत बाद अस्पताल ले जाकर चिकित्सकीय उपचार कराया गया होता, तो संभव है उसकी जान बचाई जा सकती थी. ग्रामीणों ने लोगों से अपील की कि सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तत्काल नजदीकी अस्पताल में इलाज कराएं.
