Gopalganj News : उत्पाद विभाग की टीम ने कुचायकोट थाना क्षेत्र के बलथरी चेकपोस्ट के समीप वाहन जांच के दौरान एक लग्जरी बस से छिपाकर रखी गयी 63 लीटर विदेशी शराब बरामद की. कार्रवाई के दौरान बस के चालक और खलासी समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया. सभी के खिलाफ मध्य निषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
बलथरी चेकपोस्ट पर वाहन जांच के दौरान पकड़ी गयी बस
उत्पाद विभाग के अनुसार, टीम को बस के जरिये शराब तस्करी किये जाने की सूचना मिली थी. इसके बाद बलथरी चेकपोस्ट के समीप वाहनों की जांच शुरू की गयी. जांच के दौरान एक लग्जरी बस को रोककर उसकी तलाशी ली गयी. तलाशी में बस के अंदर छिपाकर रखी गयी 63 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई.
शराब बरामद होते ही चालक और खलासी समेत तीन हिरासत में
शराब मिलने के बाद उत्पाद विभाग की टीम ने बस में सवार तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राजस्थान के पाली जिले के औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत 124 लेबर कॉलोनी निवासी शिवराम सिंह के पुत्र आकाश सिंह के रूप में हुई है. उसे बस का चालक बताया गया है.
राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं आरोपित
गिरफ्तार अन्य आरोपितों में मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के अमिया थाना क्षेत्र के अमिया गांव निवासी सोनी राम शर्मा तथा उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के सौरिख थाना क्षेत्र के करी गांव निवासी सनी कुमार शामिल हैं. सनी कुमार को बस का खलासी बताया गया है.
मध्य निषेध अधिनियम के तहत दर्ज हुई प्राथमिकी
उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार ने बताया कि बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है. तीनों आरोपितों के खिलाफ मध्य निषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है. आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
