बरौली प्रखंड के प्यारेपुर गांव में भारत शुगर मिल, सिधवलिया की ओर से शरदकालीन गन्ना बुवाई को लेकर एक दिवसीय किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया. गोष्ठी में सैकड़ों किसानों ने भाग लिया.
उन्नत तकनीक से गन्ना बुवाई करने की दी सलाह
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मिल के कार्यपालक उपाध्यक्ष विनोद सिंह ने किसानों को उन्नत तकनीक से गन्ने की बुवाई करने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि शरदकालीन गन्ने की बुवाई के लिए यह उपयुक्त समय है. उन्होंने खूंटी प्रबंधन, एक आंख वाले बीज के उपयोग, सही मात्रा में खाद के प्रयोग और अंतरवर्ती फसल से अधिक मुनाफा कमाने के तरीकों की विस्तार से जानकारी दी.
उन्होंने कहा कि मिल हमेशा किसानों के साथ है और उन्हें हरसंभव सुविधा उपलब्ध कराने के लिए तैयार है.
गन्ना विकास योजनाओं और सुविधाओं की दी जानकारी
गन्ना विभाग के कार्यपालक उपाध्यक्ष शैलेंद्र त्रिपाठी ने गन्ना विकास से जुड़ी योजनाओं और मिल की ओर से किसानों को दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी दी. उन्होंने किसानों से समय पर बुवाई करने और वैज्ञानिक पद्धति अपनाने का आह्वान किया, ताकि गन्ने की पैदावार में बढ़ोतरी हो सके.
अधिक क्षेत्र में गन्ना बुवाई का लिया संकल्प
इस अवसर पर उप गन्ना महाप्रबंधक विनोद राठी, प्रेग्मेटिक्स कंपनी के नीरज कुमार, क्षेत्र पदाधिकारी रामाश्रय सिंह सहित गन्ना विभाग के कई अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय किसान उपस्थित थे.
कार्यक्रम के अंत में किसानों ने अधिक क्षेत्र में शरदकालीन गन्ने की बुवाई करने का संकल्प लिया.
इसे भी पढ़ें: ‘झंडू कुमार’ को कभी नाम पर मिले ताने, मेडल जीते तो हुआ भव्य स्वागत, पीएम मोदी की भी मिली बधाई
