Gopalganj News: मांझा प्रखंड की बंगरा पंचायत स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 66 का शुक्रवार को बीडीओ वैभव शुक्ला ने औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान केंद्र के संचालन और व्यवस्था में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं.
निरीक्षण में खुली व्यवस्था की पोल
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि केंद्र पर कुल 32 बच्चे नामांकित हैं, जिनमें से केवल 11 बच्चे ही उपस्थित थे. इन उपस्थित बच्चों में से भी महज चार बच्चे ही निर्धारित पोशाक में थे, जबकि अन्य बच्चे बिना पोशाक के पाए गए.
इसके अतिरिक्त, शुक्रवार को 'अंडा दिवस' होने के बावजूद बच्चों को पोषाहार में अंडा नहीं दिया गया था. बीडीओ ने केंद्र पर बच्चों की उपस्थिति, पोषाहार वितरण और अन्य व्यवस्थाओं की गहन जांच की तथा स्थानीय ग्रामीणों से भी केंद्र के नियमित संचालन को लेकर पूछताछ की.
सेविका को फटकार, सुधार के निर्देश
केंद्र पर मिली भारी खामियों को लेकर बीडीओ वैभव शुक्ला ने आंगनबाड़ी सेविका इंद्रावती देवी को कड़ी फटकार लगाई. उन्होंने निर्देश दिया कि केंद्र की व्यवस्था में तुरंत सुधार लाया जाए और बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए. बीडीओ ने सख्त हिदायत दी कि पोषाहार और बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
Also Read: 2 सगे भाइयों समेत बिहार के 4 लोग उत्तराखंड टनल हादसे के शिकार, गंभीर हालत में एक श्रीनगर रेफर
