Gopalganj News : श्रीपुर थाना क्षेत्र के दुबे बत्तरहा गांव में चोरों ने एक ही रात दो घरों को निशाना बनाकर 40 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति चोरी कर ली. चोरी की घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है. एक घर में बेटियों की शादी के लिए वर्षों से जुटाए गए गहने और अन्य सामान भी चोर ले गए. घटना को लेकर ग्रामीणों में भी आक्रोश है.
बेटियों की शादी के लिए जुटाए थे गहने, चोरों ने सब कुछ किया साफ
पहली घटना गांव के एक परिवार के घर हुई. चोरों ने सबसे पहले घर के एक हिस्से में सो रही वृद्ध महिला के कमरे का ताला तोड़ा. वहां से करीब 10 हजार रुपये नकद और लगभग 50 हजार रुपये के आभूषण चोरी कर लिए. इसके बाद चोर छत के रास्ते परिवार के दूसरे कमरे में दाखिल हुए.
इस कमरे में अगले साल होने वाली दो बेटियों की शादी के लिए वर्षों से सामान जुटाकर रखा गया था. परिवार ने अपनी बचत से करीब 10 लाख रुपये मूल्य के गहने, साड़ियां, बर्तन और शादी से जुड़ा अन्य सामान जमा किया था. चोरों ने पेटी और अलमारी खंगालकर सारा सामान चुरा लिया. घटना के बाद परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.
दूसरे घर से 30 लाख के आभूषण चोरी होने का दावा
इसी रात गांव के एक अन्य घर को भी चोरों ने निशाना बनाया. गृहस्वामी के अनुसार, चोर उस कमरे में घुसे, जहां परिवार की वर्षों की कमाई और आभूषण सुरक्षित रखे गये थे. कमरे से करीब 10 हजार रुपये नकद के अलावा लगभग 30 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के पुश्तैनी और नये आभूषण चोरी होने का दावा किया गया है.
परिवार का कहना है कि चोरी में मां और पत्नी के सभी गहने चले गये. घटना के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो गयी है.
पहले भी चोरी की कोशिश का ग्रामीणों ने किया था दावा
ग्रामीणों का कहना है कि 16 अगस्त को भी इसी घर में चोरी की कोशिश हुई थी. उस दौरान भागते समय कथित चोर का मोबाइल फोन मौके पर गिर गया था, जिसे ग्रामीणों ने पुलिस को सौंप दिया था. ग्रामीणों का आरोप है कि मोबाइल के आधार पर समय रहते कार्रवाई होती, तो शायद इतनी बड़ी चोरी की घटना नहीं होती. घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की है.
फॉरेंसिक और तकनीकी टीम जुटा रही साक्ष्य
चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की बारीकी से जांच की. फॉरेंसिक और तकनीकी टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार करने का दावा किया है.
