धूप में तपते चेहरे, हाथों में आवेदन के कागज और आंखों में अपने घर का सपना. मंगलवार को फुलवरिया प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में आयोजित ‘अभियान बसेरा’ के विशेष शिविरों में भूमिहीन और वासविहीन गरीब परिवार इसी उम्मीद के साथ पहुंचे. वर्षों से जमीन और आशियाने के अभाव में जीवन गुजार रहे लोगों ने शिविरों में आवेदन जमा कर अपने लिए भूमि मिलने की उम्मीद जतायी.
गणेश डूमर समेत कई पंचायतों में लगे शिविर
शासन के निर्देश के आलोक में प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में अभियान बसेरा के विशेष शिविर आयोजित किये गये. गणेश डूमर, कोयलादेवा, बैरागी टोला, गिदहां और बथुआ बाजार समेत अन्य पंचायतों में सुबह से ही लोग आवेदन जमा करने के लिए पहुंचने लगे. शिविरों में अंचल प्रशासन की टीम ने पहुंचकर लोगों से आवेदन प्राप्त किये.
आवेदन के साथ दस्तावेजों की हुई जांच
शिविर में भूमिहीन और वासविहीन परिवारों से निर्धारित फॉर्मेट में आवेदन लिया गया. आवेदन के साथ जरूरी दस्तावेज भी जमा कराये गये. प्रशासन की ओर से पूरी प्रक्रिया को निर्धारित विभागीय दिशा-निर्देश के अनुसार संचालित करने की बात कही गयी.
भौतिक सत्यापन के बाद होगा भूमि आवंटन
अंचल अधिकारी बीरबल वरुण कुमार ने बताया कि विभागीय गाइडलाइन के अनुसार निर्धारित फॉर्मेट में आवेदन स्वीकार किये गये हैं. सभी आवेदनों का निष्पक्ष तरीके से गहन भौतिक सत्यापन कराया जाएगा. सत्यापन के बाद पात्र पाये जाने वाले परिवारों को निःशुल्क भूमि आवंटित की जाएगी, ताकि वे अपना घर बना सकें.
अंचल प्रशासन की टीम ने संभाली व्यवस्था
शिविरों में आवेदन जमा कराने और पूरी प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने के लिए अंचल प्रशासन की टीम मौजूद रही. अंचल निरीक्षक मो. सफीक, राजस्व कर्मचारी अभय कुमार, जयप्रकाश माझी और अंचल अमीन सुभाष प्रसाद समेत अन्य कर्मियों ने आवेदन लेने और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराने में सहयोग किया.
भूमिहीन परिवारों को अपने घर की उम्मीद
अभियान बसेरा के तहत आयोजित शिविर भूमिहीन और वासविहीन परिवारों के लिए महत्वपूर्ण पहल माने जा रहे हैं. आवेदन जमा करने पहुंचे लोगों को अब भौतिक सत्यापन के बाद पात्रता के आधार पर भूमि आवंटित होने की उम्मीद है. लंबे समय से अपने घर की आस लगाए परिवारों को इस प्रक्रिया से स्थायी आशियाना मिलने की उम्मीद जगी है.
