Gopalganj Education Department: शिक्षा विभाग के कार्यालय में कामकाज की रफ्तार और लंबित मामलों को लेकर डीइओ अमरेंद्र कुमार पाण्डेय ने सभी संभागों के अधिकारियों और कर्मियों के साथ मंगलवार को समीक्षा बैठक की. बैठक में संभागवार कार्यों के निष्पादन से लेकर एकल विंडो के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की स्थिति की बारी-बारी से समीक्षा की गयी.
डीइओ ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कार्यालय में आने वाले किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाये. आवेदन प्राप्त होने के बाद उसकी प्रक्रिया पूरी कर निर्धारित समय के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाये.
समीक्षा के दौरान सभी संभागों के डीपीओ और संबंधित कर्मी मौजूद रहे. डीइओ ने अलग-अलग संभागों में चल रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी ली. जिन कार्यों के निष्पादन में देरी हो रही है, उसके कारणों की भी जानकारी ली गयी. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निबटारा करें. विभागीय काम में किसी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मी की जवाबदेही तय की जायेगी.
एकल विंडो के आवेदनों का समय दर्ज करने का निर्देश
बैठक में एकल विंडो में प्राप्त आवेदनों को लेकर विशेष रूप से समीक्षा की गयी. डीइओ ने कहा कि आम लोगों, शिक्षकों और विभाग से जुड़े अन्य आवेदकों को किसी कार्य के लिए कार्यालय का बार-बार चक्कर नहीं लगाना पड़े, इसके लिए आवेदन के निष्पादन की प्रक्रिया को सरल और व्यवस्थित रखा जाये.
आवेदन किस तारीख को प्राप्त हुआ और उसका निष्पादन कब किया गया, इसका रिकॉर्ड दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया. इससे आवेदनों के निष्पादन की स्थिति की नियमित निगरानी की जा सकेगी.
लंबित मामलों को प्राथमिकता से निबटाने का निर्देश
डीइओ ने सभी संभागों को अपने-अपने स्तर पर कार्यों की नियमित समीक्षा करने को कहा. उन्होंने कहा कि जो मामले लंबे समय से लंबित हैं, उन्हें चिह्नित कर प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाये.
कार्यालयी कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया गया कि आम लोगों से जुड़े मामलों के निष्पादन में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए.
बैठक में विभागीय कार्यों की गति बढ़ाने, लंबित आवेदनों का समय पर निबटारा करने और कार्यालय की कार्यप्रणाली को अधिक व्यवस्थित बनाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये.
