गोपालगंज : समाहरणालय के सभा कक्ष में जिला पदाधिकारी समीर सौरभ के निर्देश पर आपातकालीन जीवन रक्षक सहायता एवं जन सुरक्षा विषय पर दो दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ हुआ. कार्यशाला का आयोजन समाहरणालय में कार्यरत कर्मियों के लिए किया जा रहा है. इसका उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में जरूरतमंद लोगों को समय पर प्राथमिक जीवन रक्षक सहायता उपलब्ध कराने के लिए कर्मियों को सक्षम बनाना है.
आपात स्थिति में उठाये जाने वाले जरूरी कदमों की दी जा रही जानकारी
कार्यशाला का आयोजन सक्षम हॉस्पिटल के निदेशक एवं फाउंडर डॉ. अभिषेक रंजन तथा श्रीजी सेवा ट्रस्ट, गोपालगंज के सहयोग से किया जा रहा है. इसमें आपात स्थिति में तत्काल उठाये जाने वाले आवश्यक कदमों के साथ जन सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी जा रही है.
कर्मियों को प्रशिक्षण के माध्यम से व्यवहारिक जानकारी भी उपलब्ध करायी जा रही है, ताकि आपात परिस्थिति में जरूरतमंद व्यक्ति को समय पर प्राथमिक जीवन रक्षक सहायता उपलब्ध करायी जा सके.
11 और 12 अगस्त को होगा प्रशिक्षण
कार्यशाला 11 और 12 अगस्त को प्रतिदिन अपराह्न चार से पांच बजे तक समाहरणालय सभा कक्ष में आयोजित होगी. डीएम ने समाहरणालय के अधीनस्थ कर्मियों को इसमें भाग लेने का निर्देश दिया है. साथ ही कर्मियों को अपने परिवारजनों को भी इस प्रशिक्षण में शामिल होने के लिए प्रेरित करने को कहा गया है.
आपात स्थिति में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है प्राथमिक सहायता
प्रशासन का मानना है कि प्राथमिक जीवन रक्षक सहायता की जानकारी आपात परिस्थितियों में किसी की जान बचाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है. इसी उद्देश्य से कर्मियों को जन सुरक्षा और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक व्यवहारिक जानकारी दी जा रही है.
