गोपालगंज के यात्रियों को बड़ी सौगात, थावे होकर चलेगी छपरा-पठानकोट साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन

Gopalganj News : रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए छपरा-पठानकोट साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है. यह ट्रेन 20 जुलाई से शुरू होकर 11 फेरों में चलेगी. थावे स्टेशन पर रुकने से गोपालगंज और आसपास के यात्रियों को उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब के लिए सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी.

Gopalganj News : रेल यात्रियों की अतिरिक्त सुविधा को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने छपरा-पठानकोट-छपरा साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है. यह विशेष ट्रेन 20 जुलाई से 28 सितंबर तक छपरा से प्रत्येक सोमवार और 22 जुलाई से 30 सितंबर तक पठानकोट से प्रत्येक बुधवार कुल 11 फेरों के लिए संचालित की जाएगी. गोपालगंज जिले के प्रमुख रेलवे स्टेशन थावे पर इस ट्रेन का दोनों दिशाओं में ठहराव होगा, जिससे यात्रियों को उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब के लिए सीधी रेल सुविधा मिलेगी.

20 जुलाई से छपरा और 22 जुलाई से पठानकोट से होगी शुरुआत

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, वाराणसी सुमीत कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गाड़ी संख्या 05193 छपरा-पठानकोट साप्ताहिक स्पेशल प्रत्येक सोमवार को दोपहर 2 बजे छपरा से रवाना होगी. यह ट्रेन छपरा कचहरी, दिघवा दुबौली होते हुए शाम 5.05 बजे थावे स्टेशन पहुंचेगी. इसके बाद तमकुही रोड, पडरौना, कप्तानगंज, गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, लक्सर, रुड़की, सहारनपुर, यमुनानगर-जगाधरी, अंबाला कैंट, लुधियाना और जालंधर कैंट होते हुए रात 10.15 बजे पठानकोट पहुंचेगी.

वापसी में बुधवार को चलेगी विशेष ट्रेन

गाड़ी संख्या 05194 पठानकोट-छपरा साप्ताहिक स्पेशल प्रत्येक बुधवार को रात 12.30 बजे पठानकोट से प्रस्थान करेगी. यह ट्रेन जालंधर कैंट, लुधियाना, अंबाला कैंट, सहारनपुर, रुड़की, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, कप्तानगंज, पडरौना और तमकुही रोड होते हुए सुबह 6 बजे थावे स्टेशन पहुंचेगी. इसके बाद दिघवा दुबौली और छपरा कचहरी होते हुए सुबह 9.15 बजे छपरा पहुंचेगी.

19 कोच के साथ चलेगी स्पेशल ट्रेन

रेलवे के अनुसार इस विशेष ट्रेन में कुल 19 कोच लगाए जाएंगे. इनमें एक जनरेटर सह लगेज यान, एक एलएसएलआरडी, दो साधारण द्वितीय श्रेणी/कुर्सीयान, पांच शयनयान, दो वातानुकूलित तृतीय इकोनॉमी, छह वातानुकूलित तृतीय श्रेणी तथा दो वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के कोच शामिल रहेंगे.

गोपालगंज के यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ

थावे स्टेशन पर इस विशेष ट्रेन के ठहराव से गोपालगंज और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी. उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब जाने वाले यात्रियों को अब सीधी रेल सेवा का लाभ मिलेगा. साथ ही पर्याप्त कोच होने से यात्रियों को सीट उपलब्ध होने की संभावना भी बढ़ेगी.

Also Read : बोधगया फोरलेन हादसे में बड़ा खुलासा, ट्रक की रॉन्ग साइड एंट्री बनी चार युवकों की मौत की वजह



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Manoranjan upadhyay

Published by: Yuvraj Ratan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >