अंकपत्र नहीं मिला, पोर्टल भी अटका... 8 सितंबर की डेडलाइन से पहले गोपालगंज के छात्रों की बढ़ी बेचैनी

गोपालगंज में स्नातक सेमेस्टर 2 परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि नजदीक है, लेकिन वेबसाइट ठप और अंकपत्र न मिलने से छात्र बेहद परेशान हैं।

Gopalganj News : स्नातक सत्र 2025-29 के विद्यार्थियों की परेशानी कम होने के बजाय लगातार बढ़ती जा रही है. सेमेस्टर-1 का रिजल्ट जारी होने के काफी समय बाद भी विद्यार्थियों को अंकपत्र नहीं मिला है. अब सेमेस्टर-2 की परीक्षा का फॉर्म भरने की अंतिम तिथि भी नजदीक आ गयी है. दूसरी ओर, विश्वविद्यालय का ऑनलाइन पोर्टल भी तकनीकी समस्या के कारण विद्यार्थियों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है. ऐसे में छात्र एक साथ अंकपत्र और परीक्षा फॉर्म दोनों को लेकर परेशान हैं.

8 सितंबर तक भरना है परीक्षा फॉर्म

विश्वविद्यालय ने स्नातक सेमेस्टर-2 सीबीसीएस सत्र 2025-29 की परीक्षा के लिए 27 अगस्त से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू की है. विद्यार्थियों को 8 सितंबर तक ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरना है. इसके बाद 600 रुपये परीक्षा शुल्क और आवश्यक कागजात संबंधित कॉलेज में जमा करने होंगे. कॉलेजों को विद्यार्थियों के परीक्षा फॉर्म की संकायवार और विषयवार समेकित सूची तैयार कर परीक्षा प्रपत्र और पेन ड्राइव के साथ 10 सितंबर को परीक्षा विभाग में जमा करनी है.

अंकपत्र मांगा, लेकिन विश्वविद्यालय ने उपलब्ध नहीं कराया

परीक्षा फॉर्म के साथ सेमेस्टर-1 का अंकपत्र, प्रवेश-पत्र, पंजीयन पत्र, परीक्षा शुल्क भुगतान की रसीद समेत अन्य कागजात जमा करना अनिवार्य किया गया है. लेकिन बड़ी समस्या यह है कि कई विद्यार्थियों को अब तक सेमेस्टर-1 का अंकपत्र ही नहीं मिला है. कॉलेज पहुंच रहे विद्यार्थी सवाल कर रहे हैं कि जब विश्वविद्यालय ने अंकपत्र उपलब्ध नहीं कराया है, तो परीक्षा फॉर्म के साथ इसे कैसे जमा किया जाए.

वेबसाइट पर फॉर्म भरने में भी अड़चन

परीक्षा फॉर्म विश्वविद्यालय की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन भरना है और परीक्षा शुल्क का भुगतान भी ऑनलाइन ही करना है. विद्यार्थियों के अनुसार, वेबसाइट खोलने में परेशानी हो रही है. कई बार प्रयास करने के बावजूद फॉर्म भरने की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ रही है. अंतिम तिथि नजदीक होने के कारण विद्यार्थियों की चिंता और बढ़ गयी है.

अंतिम तारीख से पहले छात्रों की बढ़ी चिंता

8 सितंबर परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि है. ऐसे में विद्यार्थियों के पास अब समय काफी कम बचा है. छात्र कभी कॉलेज तो कभी ऑनलाइन पोर्टल का चक्कर लगा रहे हैं. विद्यार्थियों का कहना है कि यदि अंकपत्र समय पर नहीं मिला और वेबसाइट की तकनीकी समस्या के कारण फॉर्म नहीं भरा जा सका, तो इसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ सकता है.

छात्रों ने की तिथि बढ़ाने की मांग

विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से ऑनलाइन पोर्टल की तकनीकी समस्या तत्काल दूर कराने और सेमेस्टर-1 का अंकपत्र उपलब्ध कराने की मांग की है. छात्रों ने कहा कि जरूरत पड़ने पर परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि भी बढ़ायी जानी चाहिए, ताकि किसी विद्यार्थी का भविष्य तकनीकी या प्रशासनिक समस्या के कारण प्रभावित न हो.

सिर्फ पंजीकृत विद्यार्थियों का ही फॉर्म होगा स्वीकार

विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि केवल पंजीकृत विद्यार्थी ही परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे. बिना पंजीयन वाले विद्यार्थी का फॉर्म सत्यापित या अग्रसारित करने पर संबंधित प्राचार्य और सत्यापन पदाधिकारी जिम्मेदार होंगे. परीक्षा नियंत्रक डॉ. अशोक कुमार मिश्रा की ओर से जारी निर्देश के अनुसार, कॉलेजों को निर्धारित समय-सीमा में परीक्षा फॉर्म की समेकित सूची तैयार कर विश्वविद्यालय में जमा करनी होगी.

फोटो:- फॉर्म भरने की जानकारी व अंकपत्र के लिए पहुंचे छात्राएं | Prabhat Khabar Network

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विकाश कुमार दूबे

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >