BSEB Inter-Matric: मैट्रिक और इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2027 में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसइबी) की ओर से जारी डमी रजिस्ट्रेशन कार्ड में सुधार कराने का आज आखिरी मौका है. बोर्ड ने डमी रजिस्ट्रेशन कार्ड में त्रुटि सुधार के लिए 14 अगस्त तक की समय सीमा निर्धारित की है. इसके बाद विद्यार्थियों को सुधार का मौका नहीं मिलेगा. ऐसे में विद्यार्थियों को अपने विद्यालय में जाकर डमी रजिस्ट्रेशन कार्ड में दर्ज सभी जानकारियों की जांच कर लेनी चाहिए.
22 जुलाई तक रजिस्ट्रेशन कराने वालों का जारी हुआ डमी कार्ड
मैट्रिक और इंटर परीक्षा 2027 के लिए 22 जुलाई तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने वाले विद्यार्थियों का डमी रजिस्ट्रेशन कार्ड जारी किया गया है. बोर्ड ने विद्यालयों को निर्देश दिया है कि प्रधानाचार्य अपने यूजर आइडी और पासवर्ड से लॉगिन कर विद्यार्थियों का डमी कार्ड डाउनलोड कराएं. इसके बाद विद्यालय की मुहर और प्रधानाचार्य के हस्ताक्षर के साथ डमी रजिस्ट्रेशन कार्ड की दो प्रतियां विद्यार्थियों को उपलब्ध करायी जाएंगी.
नाम से लेकर फोटो और विषय तक की जांच जरूरी
डमी रजिस्ट्रेशन कार्ड में विद्यार्थी के नाम, माता-पिता के नाम की स्पेलिंग, फोटो, जन्मतिथि, लिंग, जाति, धर्म, राष्ट्रीयता और विषय समेत अन्य विवरण में गलती है, तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत उसे सुधारा जा सकता है. विद्यार्थियों को खास तौर पर नाम और जन्मतिथि की जांच करनी चाहिए, क्योंकि आगे परीक्षा फॉर्म, एडमिट कार्ड और रिजल्ट में इन्हीं जानकारियों का इस्तेमाल किया जायेगा.
गलती मिलने पर स्कूल में दें जानकारी
विद्यार्थियों को डमी रजिस्ट्रेशन कार्ड में किसी तरह की त्रुटि मिलने पर सीधे अपने विद्यालय के प्रधानाचार्य या संबंधित शिक्षक से संपर्क करना होगा. विद्यालय स्तर से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुधार कराया जायेगा. बोर्ड ने विद्यार्थियों से तय समय सीमा के भीतर सभी जरूरी सुधार कराने की अपील की है, ताकि बाद में परीक्षा से संबंधित किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े.
इसे भी पढ़ें:18 अगस्त से पटना में आमरण अनशन करेंगे छात्र, TRE-4, शिक्षा मंत्री का इस्तीफा समेत कई हैं मांगें
