Gopalganj Sadar Hospital : गोपालगंज सदर अस्पताल की इमरजेंसी के आसपास बाहरी लोगों, दलालों और निजी एंबुलेंस चालकों की सक्रियता पर अस्पताल प्रशासन ने अब सख्ती शुरू कर दी है. मरीजों और उनके परिजनों को बहकाकर निजी अस्पताल ले जाने की शिकायतों के बीच अस्पताल के उपाधीक्षक ने सुरक्षा एजेंसी को अंतिम चेतावनी जारी की है. 15 सितंबर को जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि अस्पताल परिसर, खासकर इमरजेंसी विभाग में अनधिकृत लोगों की आवाजाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
पत्र में कहा गया है कि पूर्व में भी जिला पदाधिकारी समीर सौरभ के आदेश पर सुरक्षा एजेंसी को निर्देश दिया गया था. इसके बावजूद इमरजेंसी के आसपास बाहरी लोगों और निजी एंबुलेंस चालकों की सक्रियता सामने आ रही है. इसे सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही और शिथिलता मानते हुए एजेंसी की जवाबदेही तय करने की चेतावनी दी गयी है.
संदिग्ध दिखे तो बाहर करें, पुलिस को दें सूचना
सुरक्षा गार्डों को अस्पताल में आने-जाने वाले बाहरी लोगों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है. संदिग्ध व्यक्ति मिलने पर उसे परिसर से बाहर करने और जरूरत पड़ने पर नगर थाने को सूचना देने को कहा गया है. किसी दलाल या निजी एंबुलेंस चालक द्वारा मरीज अथवा परिजन को निजी अस्पताल ले जाने के लिए बहकाने का प्रयास करने पर तत्काल अस्पताल प्रशासन को सूचित करना होगा.
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक शशि रंजन प्रसाद ने शिफ्टवार सुरक्षा ड्यूटी की नियमित निगरानी का निर्देश देते हुए कहा है कि भविष्य में ऐसी गतिविधियां मिलीं तो सुरक्षा एजेंसी के विरुद्ध कार्रवाई के लिए पत्र भेजा जायेगा.
