Gopalganj News: श्रीपुर थाना क्षेत्र के मिश्र बतरहा गांव के समीप श्रीपुर–कोयला देवा मुख्य सड़क पर सोमवार की शाम जलजमाव के कारण एक बाइक सवार दुर्घटनाग्रस्त होकर घायल हो गया. घायल की पहचान रमेश प्रसाद के रूप में हुई है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सड़क पर लंबे समय से पानी जमा रहने के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे चालक सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया.
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल बाइक सवार को उठाया और प्राथमिक सहायता दी. इसके बाद उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है.
जलजमाव से परेशान ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर बने जलजमाव को लेकर नाराजगी जाहिर की. ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में इस सड़क पर हमेशा पानी जमा रहता है, जिसके कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है.
ग्रामीणों ने बताया कि जलजमाव के कारण आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं. बावजूद इसके समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है.
जल निकासी और सड़क मरम्मत की मांग
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से जल्द जल निकासी की व्यवस्था कराने और सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में बड़ी दुर्घटना हो सकती है.
इसे भी पढ़ें: 3936 करोड़ की लागत से खगड़िया-पूर्णिया हाईवे बनेगा फोरलेन, सिर्फ 2 घंटे में पूरा होगा सफर
