गोपालगंज में भारत विकास परिषद की बैठक में पांच सूत्रों से समाज सेवा का संदेश, सामाजिक जागरूकता बढ़ाने पर जोर

भारत विकास परिषद की विवेकानंद शाखा ने समाज सेवा के पांच सूत्रों पर जोर दिया. संगठन ने सामाजिक गतिविधियों को पंचायत स्तर तक ले जाने और अधिक लोगों को जोड़ने का आह्वान किया.

Gopalganj News : भारत विकास परिषद की विवेकानंद शाखा, एनएच-27 डुमरिया घाट की बैठक रविवार को विवेकानंद विद्या स्थली विद्यालय परिसर में हुई. बैठक में संगठन के सेवा, संस्कार और संगठन विस्तार से जुड़े कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गयी. सदस्यों ने सामाजिक गतिविधियों को पंचायत स्तर तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को समाज सेवा से जोड़ने पर जोर दिया.

वंदे मातरम् से शुरू हुई बैठक, राष्ट्रगान के साथ हुआ समापन

बैठक की अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष रामबाबू सिंह ने की. कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् से हुई, जबकि समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया. बैठक में उत्तर कोशी बिहार प्रांत (पूर्वी क्षेत्र) के प्रांतीय महासचिव सुधीर कुमार सिंह, प्रांतीय संगठन सचिव डॉ. नवनीत शांडिल्य और क्षेत्रीय संयोजक अमरनाथ प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए.

पांच सूत्रों पर काम करती है भारत विकास परिषद

वक्ताओं ने कहा कि भारत विकास परिषद संपर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा और समर्पण के पांच सूत्रों पर कार्य करती है. इन पांच सूत्रों के माध्यम से समाज में सेवा भावना को मजबूत करने के साथ लोगों को राष्ट्रहित से जुड़े कार्यों के लिए प्रेरित किया जाता है.

उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य समाज में राष्ट्रीयता की भावना को मजबूत करना और भारतीय संस्कारों का प्रसार करना है. इसके लिए कुटुंब प्रबोधन, गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन समेत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है. इन गतिविधियों के माध्यम से नई पीढ़ी को स्वामी विवेकानंद के विचारों और उनके आदर्शों से जोड़ने का प्रयास किया जाता है.

पंचायत स्तर तक सामाजिक गतिविधियों को पहुंचाने पर जोर

बैठक में शाखा के विस्तार पर भी चर्चा हुई. सदस्यों ने सामाजिक गतिविधियों को पंचायत स्तर तक सक्रिय रूप से संचालित करने की आवश्यकता जतायी. साथ ही राष्ट्र सेवा की भावना के साथ समाज में जागरूकता अभियान चलाने का आह्वान किया गया.

इस दौरान संगठन को मजबूत बनाने, अधिक लोगों को सामाजिक कार्यों से जोड़ने और सेवा गतिविधियों को प्रभावी तरीके से संचालित करने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया.

ये सदस्य रहे मौजूद

बैठक में शाखा सचिव ज्योति भूषण सिंह, कोषाध्यक्ष जितेंद्र कुमार तिवारी, महाराणा प्रताप सिंह, अशोक सिंह, अमित रंजन सिंह, अंकुर कुमार सिंह, शर्मानंद प्रसाद, पुष्कर कुमार सिंह, अश्विनी कुमार समेत शाखा के सदस्य और विद्यालय के शिक्षक मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय कुमार अभय

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >