सलेमपुर दियारा पहुंचे बीडीओ और सीओ: गंडक के तटीय इलाकों का लिया जायजा, ग्रामीणों को किया सतर्क

गंडक नदी के जलस्तर में वृद्धि के मद्देनजर प्रशासनिक टीम अलर्ट है. बीडीओ और सीओ ने सलेमपुर दियारा का दौरा कर जमीनी जायजा लिया और ग्रामीणों को सतर्क रहने के निर्देश दिए. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, पर एहतियात बरती जा रही है.

Gopalganj Flood Alert: गंडक नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए प्रशासनिक टीम अलर्ट मोड पर है. इसी क्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी अजीत कुमार रौशन और अंचलाधिकारी प्रशांत कुमार ने संयुक्त रूप से सलेमपुर पहुंचकर पूरे दियारा क्षेत्र का दौरा किया. अधिकारियों ने गंडक नदी के तटीय इलाकों और संभावित प्रभावित गांवों का जमीनी जायजा लिया तथा ग्रामीणों को सतर्क रहने के निर्देश दिए.

दियारा क्षेत्र में पहुंचकर लिया जमीनी जायजा

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नदी के जलस्तर की स्थिति, तटबंधों की सुरक्षा और कटाव की संभावनाओं का जायजा लिया. मौके पर मौजूद ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और नदी की वर्तमान स्थिति की जानकारी भी ली गयी. अधिकारियों ने ग्रामीणों को किसी भी परिस्थिति में प्रशासन के संपर्क में रहने की सलाह दी.

अभी जलस्तर कम, घबराने की जरूरत नहीं

बीडीओ अजीत कुमार रौशन ने ग्रामीणों से कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार है. उन्होंने कहा कि फिलहाल नदी में पानी का जलस्तर काफी कम है, इसलिए किसी को घबराने की जरूरत नहीं है. प्रशासन हर परिस्थिति में ग्रामीणों के साथ है.

उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की. साथ ही कहा कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति उत्पन्न होने पर ग्रामीण तत्काल प्रशासन से संपर्क कर सकते हैं.

छरकी के अंदर रहने वालों को सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह

सीओ प्रशांत कुमार ने निचले इलाकों, खासकर छरकी के अंदर रह रहे ग्रामीणों को विशेष रूप से सतर्क रहने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि नदी में पानी बढ़ने की स्थिति में ग्रामीण सुरक्षित स्थानों या ऊंचे क्षेत्रों में शरण लें.

उन्होंने ग्रामीणों से पानी के तेज बहाव वाले क्षेत्रों की ओर जाने से बचने की अपील की. साथ ही मवेशियों को भी सुरक्षित स्थान पर बांधकर रखने और उन्हें गहरे पानी में नहीं जाने देने का निर्देश दिया.

बाढ़ चौकियां सक्रिय, 24 घंटे निगरानी

स्थानीय प्रशासन की ओर से बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर दिया गया है. अधिकारियों और कर्मचारियों को संभावित प्रभावित क्षेत्रों पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है. प्रशासन की टीम नदी के जलस्तर और तटबंधों की स्थिति की लगातार निगरानी कर रही है. अधिकारियों ने ग्रामीणों से सावधानी बरतने और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है.

इसे भी पढ़ें: भरत तिवारी मामले पर बोले सीएम सम्राट चौधरी, कहा- मैं किसी जाति या धर्म का विरोधी नहीं, सुशासन का समर्थक हूं


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय तिवारी शांडिल्य

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >