छात्रों की अपार आईडी बनाने में लापरवाही पर 18 निजी स्कूलों को अंतिम नोटिस, मान्यता रद्द करने की चेतावनी

Gopalganj News : शिक्षा विभाग ने गोपालगंज के 18 निजी स्कूलों को छात्रों की अपार आईडी बनाने में भारी लापरवाही के लिए अंतिम नोटिस जारी किया है. निर्धारित समय सीमा के भीतर काम पूरा न करने पर स्कूलों की मान्यता रद्द की जा सकती है. कई स्कूलों में छात्रों की आईडी बनाने की प्रगति बेहद चिंताजनक है, कुछ स्कूलों में एक भी आईडी नहीं बनी है.

Gopalganj News : जिले के निजी विद्यालयों में छात्रों की अपार (APAAR) आईडी बनाने में भारी लापरवाही सामने आने के बाद शिक्षा विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है. जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) अमरेंद्र कुमार पांडेय और सर्व शिक्षा अभियान के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) शिवम ने जिले के 18 निजी विद्यालयों को अंतिम नोटिस जारी करते हुए एक सप्ताह के भीतर सभी नामांकित छात्रों की 100 प्रतिशत अपार आईडी तैयार करने का निर्देश दिया है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के बाद भी लक्ष्य पूरा नहीं होने पर संबंधित विद्यालयों की मान्यता (प्रस्वीकृति) रद्द करने, यू-डायस (UDISE) कोड बंद करने तथा अन्य विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी.

बार-बार निर्देश के बावजूद नहीं हुआ काम

शिक्षा विभाग की समीक्षा में सामने आया कि राज्य परियोजना निदेशक से लेकर जिला स्तर तक कई बार निर्देश जारी किए गए. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लगातार समीक्षा भी की गई, लेकिन इसके बावजूद कई निजी विद्यालयों ने अपार आईडी निर्माण कार्य को गंभीरता से नहीं लिया. विभाग ने इसे सरकारी आदेशों की अवहेलना और प्रशासनिक लापरवाही माना है.

कई विद्यालयों में बेहद खराब है प्रगति

समीक्षा के दौरान कई विद्यालयों की स्थिति अत्यंत चिंताजनक पाई गई. बैकुंठपुर के सीटी पब्लिक स्कूल में 578 छात्रों में केवल एक छात्र की अपार आईडी बनाई गई है, जबकि 577 छात्रों की आईडी अब भी लंबित है. उचकागांव के सर्वोदय विद्यालय में 685 छात्रों में सिर्फ दो की आईडी बनाई गई है. वहीं, विजयीपुर के सरस्वती ज्ञानोदय एकेडमी में 416 छात्रों में से एक भी छात्र की अपार आईडी नहीं बनाई गई है. इसके अलावा कई अन्य विद्यालयों में भी 400 से 1000 तक छात्रों की आईडी लंबित पाई गई है.

एक सप्ताह के भीतर जमा करनी होगी रिपोर्ट

डीईओ ने सभी संबंधित विद्यालयों को निर्देश दिया है कि नोटिस प्राप्त होने के एक सप्ताह के भीतर सभी छात्रों की अपार आईडी बनाकर उसकी रिपोर्ट जिला शिक्षा कार्यालय में उपलब्ध कराएं. उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा नहीं होने पर संबंधित विद्यालयों के खिलाफ मान्यता रद्द करने, प्रस्वीकृति समाप्त करने, यू-डायस कोड बंद करने और अन्य विभागीय कार्रवाई की जाएगी.

इन 18 विद्यालयों को जारी किया गया नोटिस

शिक्षा विभाग की ओर से नोटिस पाने वाले विद्यालयों में बैकुंठपुर का सीटी पब्लिक स्कूल, भोरे का श्लोका इंटरनेशनल स्कूल, गोपालगंज का ज्ञानलोक पब्लिक स्कूल, रिलायबल वर्ल्ड स्कूल, ग्रेस इंग्लिश स्कूल, सीबीएसई पब्लिक स्कूल, न्यूटन पब्लिक स्कूल और न्यू एसजीएम एकेडमी शामिल हैं. इसके अलावा हथुआ के नेशनल पब्लिक स्कूल, जेनेसिस पब्लिक स्कूल और मदर इंडिया पब्लिक स्कूल, मांझा के आरएम पब्लिक स्कूल और हंसराज पब्लिक स्कूल, सिधवलिया का विवेकानंद विद्या स्थली, थावे का क्रेसेंट पब्लिक स्कूल, उचकागांव का सर्वोदय विद्यालय तथा विजयीपुर के आइडियल पब्लिक स्कूल और सरस्वती ज्ञानोदय एकेडमी को भी अंतिम नोटिस जारी किया गया है.

Also Read : हाजीपुर में चकसिकंदर बाजार से SBI का ATM उखाड़ ले गए बदमाश, कुछ घंटों में बरामद हुई मशीन



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >