NEET UG Result 2026 : कटेया बाजार निवासी अनुराधा कुमारी ने नीट यूजी-2026 परीक्षा उत्तीर्ण कर परिवार और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है. उनकी सफलता से परिवार के साथ-साथ स्थानीय लोगों में भी खुशी का माहौल है.
मेहनत और लगन से हासिल की सफलता
अनुराधा कुमारी, नंदकिशोर प्रसाद उर्फ मुन्ना भंडारी की पुत्री हैं. उनके पिता शादी-विवाह और अन्य मांगलिक कार्यक्रमों में भोजन बनाने का कार्य करते हैं, जबकि माता गृहिणी हैं. सीमित संसाधनों के बावजूद अनुराधा ने मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर यह सफलता हासिल की. वह शुरू से ही मेधावी छात्रा रही हैं और मैट्रिक तथा इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में भी उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर चुकी हैं.
परिवार में जश्न, मिठाइयां बांटकर मनाई खुशी
नीट में सफलता की खबर मिलते ही परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई. बड़े पापा ब्रीजा प्रसाद, चाचा अवध किशोर प्रसाद और बिच्छू मद्धेशिया ने मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया. वहीं भाई विशाल मद्धेशिया और विकास मद्धेशिया ने सोशल मीडिया के माध्यम से अनुराधा को शुभकामनाएं दीं.
ग्रामीणों ने दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं
परिजनों ने बताया कि अनुराधा ने कठिन परिस्थितियों में भी अपने लक्ष्य से समझौता नहीं किया और लगातार मेहनत करती रहीं. उनकी सफलता पर स्थानीय लोगों ने भी हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और एक सफल चिकित्सक बनने की शुभकामनाएं दीं.
