गोपालगंज. जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सख्ती से लागू करने के लिए पुलिस ने वाहन जांच अभियान तेज कर दिया है. रविवार को सड़क पर बाइक समेत अन्य वाहन खड़ा करने पर पुलिस ने कार्रवाई की. पुलिस ने चालान काटा और दोबारा ऐसा नहीं करने की हिदायत दी. बता दें कि पिछले एक सप्ताह में विशेष चेकिंग अभियान में पुलिस ने यातायात नियम तोड़ने वालों से कुल दस लाख दस हजार पांच सौ रुपये की जुर्माना राशि वसूल की है. जिला यातायात पुलिस के अनुसार, बिना हेलमेट लगाये वाहन चलाने वालों से एक लाख 93 हजार रुपये वसूले गये. इंश्योरेंस नहीं रहने पर 16 हजार पांच सौ रुपये का चालान काटा गया. नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने वालों से चार लाख 40 हजार रुपये, वहीं बिना सीट बेल्ट लगाये वाहन चलाने पर 49 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया. इसके अलावा, दोपहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाने वालों से बारह हजार रुपये और बिना लाइसेंस वाहन चलाने वालों से 75 हजार रुपये का चालान किया गया. प्रदूषण प्रमाणपत्र नहीं रहने पर दो लाख पांच हजार पांच सौ रुपये की वसूली की गयी. यातायात नियम के उल्लंघन पर तीन हजार, सरकारी आदेश की अवहेलना पर छह हजार और अन्य श्रेणी में दस हजार पांच सौ रुपये का जुर्माना वसूला गया. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सड़क पर ट्रैफिक नियमों का पालन करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
