गोपालगंज : चर्चित सुबास गुप्ता समेत दोहरे हत्याकांड में जिला पर्षद अध्यक्ष चंदा सिंह के पति तथा विजयीपुर के पूर्व प्रखंड प्रमुख विजय सिंह तथा उनके भतीजा संजय सिंह को गोपालगंज के एडीजे प्रथम अमर ज्योति श्रीवास्तव के न्यायालय में मंगलवार को सजा सुनायी जायेगी. सजा के बिंदु पर सुनवाई कोर्ट करेगा. इसको लेकर कोर्ट की सुरक्षा बढ़ा दी गयी है. आने-जाने वालों पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है.
सिविल कोर्ट में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. ध्यान रहे कि 21 सितंबर, 1994 की सुबह 10.30 बजे विजयीपुर के रसुलपुर गांव के कारोबारी सुबास गुप्ता अपने भाई चंद्रशेखर गुप्ता भतीजा भोला गुप्ता के साथ विजयीपुर जा रहे थे, तभी योगी स्थान तालाब के समीप विजयीपुर के पूर्व प्रखंड प्रमुख तथा सरूपायी गांव के रहनेवाले विजय सिंह अपने लोगों के साथ पहुंचे और अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसमें सुबास गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गयी,
जबकि उसी रास्ते जा रहे नलकूप विभाग के कर्मी रघुवंश सिंह को भी गोली लग गयी, जिससे उनकी मौत मौके पर ही हो गयी. चंद्रशेखर गुप्ता और भोला गुप्ता भी घायल हो गये थे. इस मामले में चंद्रशेखर गुप्ता के बयान पर विजयीपुर थाने में कांड संख्या- 74/94 दर्ज हुआ, जिसमें विजय सिंह तथा उनके भतीजा संजय सिंह समेत दस के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी. पुलिस ने इस मामले में लंबी जांच के बाद आरोपपत्र कोर्ट को सौंपा. मामले की सुनवाई एडीजे प्रथम अमर ज्योति श्रीवास्तव के न्यायालय में शुरू हुई. कोर्ट ने शनिवार को दोनों चाचा-भतीजे को हत्या के लिए दोषी करार दिया था.
