गोपालगंज : नये साल के पहले दिन चोरों ने सिविल कोर्ट के प्रधान न्यायाधीश के घर को खंगाल दिया. सरकारी आवास का ताला तोड़कर लैपटॉप, सरकारी आइपैड, कपड़ा, बर्तन, चार हजार रुपये नकदी सहित कीमती सामान की चोरी कर ली गयी.
इस मामले को लेकर नगर थाने में परिवार न्यायालय के कार्यालय परिचारी संतोष कुमार सिंह ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी है. पुलिस ने कांड अंकित करने के बाद छापेमारी शुरू कर दी है. उधर, चोरों ने नये साल में न्यायाधीश के घर चोरी कर पुलिस अधिकारियों में खलबली मचा दी है.
दरअसल क्रिसमस को लेकर 24 दिसंबर के बाद न्यायालय में अवकाश था. अवकाश के दौरान न्यायाधीश व कर्मी छुट्टी पर बाहर चले गये. इस दौरान बाहर से दरवाजा बंद था. एक जनवरी को न्यायाधीश का परिवार सरकारी आवास पर पहुंचा तो ताला टूटा हुआ मिला. आवास के अलग-अलग कमरे को चोरों द्वारा खंगाला गया था.
सूटकेस भी खुला मिला. चोरों ने कीमती सामान की चोरी करने के बाद खाली सामान को आवास पर ही छोड़ दिया था. उधर, पुलिस का कहना है इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. नगर इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार राय ने कहा कि मामले में संदिग्ध चोरों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है. चोरी के मामले में जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा. पुलिस ने सामानों की बरामदगी के लिए भी छापेमारी तेज कर दी है. न्यायाधीश के घर चोरी होने के बाद ऑफिसर्स कॉलोनी असुरक्षित महसूस होने लगा है.
डीएम से लेकर जिला जज और पुलिस अधीक्षक का आवास ऑफिसर्स कॉलोनी में होने के कारण यह इलाका सुरक्षा की दुष्टि से सख्त माना जाता है, लेकिन इस इलाके में चोरों ने प्रधान न्यायाधीश के घर में चोरी करके नगर पुलिस की सुरक्षा-व्यवस्था को चुनौती दे दी है.
पुलिस की गश्ती पर उठे सवाल
न्यायाधीश के आवास पर चोरी के बाद पुलिस की रात्रि गश्ती पर सवाल खड़ा हो गया है. एसपी मनोज कुमार तिवारी ने शहर की सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर हाल ही में पुलिस को गश्ती मुस्तैदी के साथ करने का निर्देश दिया था. नगर पुलिस को अलग-अलग मोहल्लों में गश्ती दल को भेजना है. गश्ती दुरुस्त होने के बावजूद चोरों ने पुलिस की सुरक्षा-व्यवस्था को चुनौती दी है.
