दिल्ली से आ रही बस में लूटपाट यात्रियों को घोंपा चाकू, दहशत

गोपालगंज : दिल्ली से गोपालगंज आ रही बस में दिन-दहाड़े यात्रियों से लूटपाट की गयी. वारदात का विरोध करने पर दो यात्रियों को चाकू मारकर घायल कर दिया गया. घायलों दोनों यात्रियों को गंभीर हालत में इलाज के लिए सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया. वारदात के बाद अपराधी भाग निकले. नगर […]

गोपालगंज : दिल्ली से गोपालगंज आ रही बस में दिन-दहाड़े यात्रियों से लूटपाट की गयी. वारदात का विरोध करने पर दो यात्रियों को चाकू मारकर घायल कर दिया गया. घायलों दोनों यात्रियों को गंभीर हालत में इलाज के लिए सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया. वारदात के बाद अपराधी भाग निकले. नगर थाने की पुलिस ने हमलावरों की एक बाइक को जब्त कर लिया है.

घायल यात्रियों में नगर थाना क्षेत्र के काकड़कुंड निवासी महंत यादव के पुत्र योगेंद्र यादव तथा सीवान के गोरेयाकोठी निवासी भोला राम के पुत्र राजकिशोर राम शामिल हैं. वारदात की सूचना पाकर पहुंची नगर थाने की पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल करते हुए हमलावरों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी. इस घटना के बाद यात्रियों में दहशत व्याप्त है.
रास्ते में एक यात्री से हुआ था विवाद
घायल यात्रियों ने नगर थाने में पहुंचकर पुलिस को सूचना दी. यात्रियों ने बताया कि दोनों दिल्ली में मेकैनिक का काम करते हैं. दिल्ली से बस से गोपालगंज आने के दौरान रास्ते में एक यात्री से तू-तू, मैं-मैं हुई थी. इसके बाद नगर थाना के बसडीला दुर्गा मंदिर के पास एनएच 28 पर बस को अपराधियों ने रुकवा दिया और लूटपाट शुरू कर दी. विरोध करने पर चाकू से हमला किया गया.
समीर ट्रैवल्स में हुई वारदात
यात्रियों ने पुलिस को बताया कि जिस बस में वारदात हुई, वह समीर ट्रैवल्स की थी. बस चालक और कंडक्टर ने बीच-बचाव करने की कोशिश तो अपराधियों ने उन्हें भी चाकू से मारने की धमकी दी. इसके बाद बस कंडक्टर व खलासी ने विरोध करना बंद कर दिया.
हमलावरों की पहचान करने में जुटी पुलिस
वारदात के बाद बरामद बाइक से पुलिस हमलावरों की पहचान करने में जुट गयी है. पीड़ित यात्रियों के मुताबिक हमलावर सभी नगर थाना के बसडीला गांव के आसपास के रहनेवाले हैं. पुलिस ने हुलिया और बाइक नंबर के आधार पर हमलावरों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है.
क्या कहते हैं इंस्पेक्टर
पुलिस ने एक बाइक जब्त की है. अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है. हमलावरों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जायेगा.
प्रशांत कुमार राय, नगर इंस्पेक्टर, गोपालगंज

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >