फुलवरिया (गोपालगंज) : फुलवरिया थाने के भवानीछापर गांव में शनिवार की सुबह एक पेड़ की डाल टूटकर गिरने से स्कूल जा रहे तीन छात्र उसके नीचे दब गये. इससे मौके पर ही एक छात्र की मौत हो गयी, जबकि एक छात्र का गोरखपुर में इलाज चल रहा है. वहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है. वहीं, एक छात्र का इलाज फुलवरिया रेफरल अस्पताल में हो रहा है.
मृत बच्चा गांव के सरकारी स्कूल का छात्र था. फुलवरिया थाना क्षेत्र के भवानीछापर गांव निवासी नसीब अंसारी का 10 वर्षीय पुत्र मुशर्रफ अंसारी, इरशाद अली का छह वर्षीय पुत्र शालू अंसारी ऊर्फ सहजान अंसारी एवं कमलेश राम का सात वर्षीय पुत्र मुन्ना राम एक साथ गांव में स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय भवानीछापर में पढ़ने जा रहे थे. रास्ते में विशाल बरगद के पेड़ की डाल अचानक टूट कर छात्रों के ऊपर गिर पड़ी.
