गोपालगंज. जिले में शराबबंदी को सख्ती से लागू करने के लिए उत्पाद विभाग की टीम लगातार सीमावर्ती इलाकों में छापेमारी और वाहन जांच अभियान चला रही है. इसी क्रम में रविवार को गोपालपुर थाना क्षेत्र के कोटनरहवा जांच चौकी के समीप जांच के दौरान टीम ने बड़ी सफलता हासिल की. वाहन जांच में 89 लीटर विदेशी शराब बरामद की गयी. साथ ही शराब ढोने में इस्तेमाल एक वाहन को भी जब्त किया गया. हालांकि, कार्रवाई के दौरान मुख्य तस्कर टीम को चकमा देकर फरार होने में सफल हो गया. इसी बीच, उत्पाद विभाग की टीम ने दूसरी कार्रवाई मीरगंज थाना क्षेत्र के एकडेंगा चेकपोस्ट के समीप की. यहां वाहन जांच के दौरान दो तस्करों को दबोच लिया गया. उनके पास से 13 लीटर देसी और विदेशी शराब बरामद की गयी. साथ ही तस्करी में प्रयुक्त एक बाइक भी जब्त की गयी. गिरफ्तार शराब तस्करों में जादोपुर थाने के बाबू विशुनपुर गांव के निवासी अमरजीत कुमार और उसका साथी बुलेट कुमार हैं. उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार ने बताया कि फरार तस्कर की पहचान और उसकी गिरफ्तारी के लिए इलाके में लगातार छापेमारी की जा रही है. वहीं, गिरफ्तार दोनों तस्करों को जेल भेज दिया गया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
