550 करोड़ से बने गोपालगंज के जादोपुर-मंगलपुर महासेतु में आया 7 इंच का गैप, भारी वाहनों की आवाजाही पर लगी रोक

Bihar Bridge News: गोपालगंज और बेतिया को जोड़ने वाले जादोपुर-मंगलपुर महासेतु में दरार हो गया है. पुल के स्पैन में 5 से 7 इंच का गैप सामने आया है. इस वजह से भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है. अब आईआईटी और एनआईटी की टीम तकनीकी जांच करेगी.

Bihar Bridge News: बिहार में पुलों की सुरक्षा को लेकर सवाल लगातार बढ़ते जा रहे हैं. कुछ दिन पहले भागलपुर के विक्रमशिला सेतु का हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के बाद अब गोपालगंज जिले में गंडक नदी पर बने जादोपुर-मंगलपुर महासेतु में बड़ी खराबी सामने आई है. पुल के दो खंभों के बीच बने स्पैन में गैप आने से इलाके के लोगों की चिंता बढ़ गई है.

भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक

प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इस पुल से भारी गाड़ियों के गुजरने पर फिलहाल रोक लगा दी है. हालांकि छोटे और हल्के वाहनों का परिचालन अभी जारी है. अधिकारियों का कहना है कि भारी वाहनों के दबाव से पुल को और नुकसान पहुंच सकता है.

पांचवें पिलर के पास मिला गैप

जानकारी के अनुसार गोपालगंज को बेतिया से जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण पुल के पांचवें पिलर के पास स्पैन में करीब 5 से 7 इंच का गैप पाया गया है. शनिवार को निरीक्षण के लिए पहुंचे डीएम पवन कुमार सिन्हा ने बताया कि स्थिति गंभीर है और सुरक्षा को देखते हुए भारी वाहनों पर रोक लगाई गई है. उन्होंने कहा कि अगर लगातार भारी वाहन गुजरते रहे तो दरार और बढ़ सकती है, जिससे हादसे का खतरा बढ़ जाएगा.

550 करोड़ से बना था महासेतु

जादोपुर-मंगलपुर महासेतु का निर्माण 2015 में कराया गया था. करीब 1.92 किलोमीटर लंबे इस पुल को बनाने में लगभग 550 करोड़ रुपये खर्च हुए थे. यह पुल गोपालगंज और पश्चिम चंपारण जिले के लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है. हर दिन हजारों छोटे और बड़े वाहन इस रास्ते से गुजरते हैं. इस पुल के बनने से गोपालगंज और बेतिया के बीच की दूरी लगभग 110 किलोमीटर कम हो गई थी.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

जांच के लिए पहुंचे अधिकारी

पुल में गैप की सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन तुरंत हरकत में आया. डीएम पवन कुमार सिन्हा, एसडीएम अनिल कुमार और जल संसाधन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पुल की स्थिति का निरीक्षण किया. सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई.

डीएम ने बताया कि पुल की स्थिति को लेकर रिपोर्ट पटना स्थित आईआईटी और एनआईटी की विशेषज्ञ टीम को भेज दी गई है. जल्द ही विशेषज्ञ मौके पर पहुंचकर तकनीकी जांच करेंगे. उनकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई और मरम्मत का फैसला लिया जाएगा.

इसे भी पढ़ें: कमांड देते ही हरा गमछा वालों को पकड़ लेगा AI, सीएम सम्राट बोले- पुलिस को कार्रवाई की खुली छूट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Paritosh shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >