बोधगया. बोधगया के कोशिला बालू घाट से बालू लेकर जा रहे हाइवा की चपेट में आने से प्रदीप नगर में अपने घर के बाहर ही बाइक सवार 26 वर्षीय विकास कुमार की कुचल कर मौत हो गयी. सोमवार की देर रात को वह किसी काम से बाइक लेकर घर से बाहर निकला ही था कि गुजर रहे हाइवा से टकरा गया व गाड़ी के पिछले टायर के नीचे चला गया और कुचलने से मौके पर ही उसकी मौत हो गयी. घटना के बाद हाइवा को खड़ा कर ड्राइवर फरार हो गया व आक्रोशित लोगों ने हाइवा का शीशा तोड़ कर मामूली रूप से नुकसान पहुंचा दिया. इसकी खबर के बाद मगध विश्वविद्यालय थाने की पुलिस घटनास्थल से शव को कब्जे में ले लिया व हाइवा को जब्त कर थाने लग आयी. मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया गया. इस संबंध में थानाध्यक्ष रणविजय सिंह ने बताया कि प्रदीप नगर के बिनोद पासवान के 26 वर्षीय बेटे विकास कुमार किसी काम से बाइक लेकर घर से बाहर निकला ही था कि गुजर रहे हाइवा की चपेट में आने से कुचल गया व मौत हो गयी. उन्होंने बताया कि विकास की शादी पिछले साल ही हुई थी. विकास के मां के बयान पर केस दर्ज किया गया है व बोधगया बीडीओ को घटना से संबंधित जानकारी, सबूत के कागजात आदि सौंपा गया है. बीडीओ कुमुद रंजन ने बताया कि मुख्यमंत्री पारिवारिक लाभ के तहत मृतक के परिजन को 20 हजार रुपये का चेक दिया जायेगा. घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है व बालू लेकर आने-जाने वाले हाइवा के अनियंत्रित परिचालन को लेकर आक्रोश भी बना हुआ है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
