शेरघाटी. शेरघाटी शहर के गरीबनपुरी मुहल्ले में एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान टिकारी प्रखंड क्षेत्र के मऊ गांव निवासी मुन्ना कुमार भारती के इकलौते पुत्र आकाश कुमार भारती के रूप में हुई है. वह डिलिवरी ब्वॉय का काम यहां करता है. जानकारी के अनुसार, आकाश किराये के एक कमरे में हाल के दिनों से रह रहा था. प्रतिदिन की तरह सोमवार की रात खा-पीकर सोया था. सुबह में जब वह देर तक कमरे से बाहर नहीं निकला तो आसपास के लोगों ने उसे जगाने का प्रयास किया. कमरे से कोई रिस्पांस नहीं मिलने के बाद लोगों ने किसी प्रकार दरवाजा खोला तो देखा कि वह युवक फंदे से लटका है. उसकी मौत हो चुकी है. घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी. इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी. थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि युवक केशव को पुलिस ने बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल अस्पताल भेज दिया है. उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन बारीकी से कर रही है. मृतक के नाना कृष्णानंद भारती ने बताया कि आकाश की मां नहीं है. उसकी मां के चले जाने के बाद से वह उनके साथ रह रहा था. उसका बचपन से ही पालन पोषण कर रहे थे. उन्होंने कहा कि उसकी मां के चले जाने के बाद उसके पिता ने दूसरी शादी रचा ली थी. वह अपने पिता से काफी दूर रहना चाहता था. उसने इस प्रकार का कदम क्यों उठाया कुछ समझ में नहीं आता.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
