प्रतिनिधि, गुरुआ. गुरुआ थाना क्षेत्र के बरमा गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार युवक की पहचान बरमा गांव निवासी मृत्युंजय कुमार पांडे के रूप में की गयी है. थानाध्यक्ष मनेश कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि उक्त युवक हथियार का भय दिखाकर पड़ोसियों के साथ-साथ अपने परिवार के लोगों को भी प्रताड़ित कर रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बरमा गांव पहुंचकर छापेमारी की. इस छापेमारी के दौरान युवक के घर से एक पिस्टल एवं जिंदा कारतूस बरामद किया गया. पुलिस ने मौके से ही उसे गिरफ्तार कर लिया. थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. युवक की गिरफ्तारी के बाद बरमा गांव में विभिन्न प्रकार की चर्चा हो रही है.
अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, पिस्टल व कारतूस बरामद
पिस्टल व कारतूस बरामद
