Woman Gives Birth to Three Babies : नवादा जिले के सिरदला प्रखंड के भेलवाटांड गांव की रहने वाली एक महिला के घर 10 वर्षों बाद खुशियों ने दस्तक दी. संतान सुख के लिए वर्षों से इंतजार कर रही महिला ने गया जी जिले के फतेहपुर स्थित अस्पताल में एक साथ तीन बच्चों को जन्म दिया.
महिला ने एक पुत्र और दो पुत्रियों को जन्म दिया है. जच्चा और तीनों नवजात पूरी तरह स्वस्थ हैं. जानकारी के अनुसार महिला की शादी करीब 10 वर्ष पहले हुई थी. संतान नहीं होने के कारण वह लंबे समय से मानसिक पीड़ा झेल रही थी.
वैष्णवी चैरिटेबल ट्रस्ट में हुआ सुरक्षित प्रसव
संतान प्राप्ति की कामना लेकर उसने कई मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर मन्नतें मांगी थीं. परसों प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने उसे इलाज के लिए वैष्णवी चैरिटेबल ट्रस्ट में भर्ती कराया. जांच के बाद चिकित्सकों की टीम ने सुरक्षित प्रसव कराया, जिसमें महिला ने एक साथ तीन बच्चों को जन्म दिया.
चिकित्सक डॉ. अरविंद कुमार का बयान
अस्पताल के चिकित्सक डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि महिला ने एक पुत्र और दो पुत्रियों को जन्म दिया है. सुरक्षित प्रसव के बाद जच्चा और तीनों नवजात पूरी तरह स्वस्थ हैं. किसी भी प्रकार की चिकित्सकीय परेशानी नहीं है और सभी की लगातार निगरानी की जा रही है.
परिवार में खुशी का माहौल और परिजनों की प्रतिक्रिया
महिला ने भावुक होकर कहा कि वह 10 वर्षों से संतान के लिए तरस रही थी. भगवान ने उसकी प्रार्थना सुन ली और एक साथ तीन संतानों का सुख देकर उसकी झोली भर दी.
परिवार में खुशियों का माहौल है. तीन-तीन नवजातों की किलकारी से पूरा घर गूंज उठा है. परिजनों ने इसे ईश्वर का आशीर्वाद बताते हुए अस्पताल के चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों का आभार व्यक्त किया.
