गया जी जिले के नगर पंचायत के वार्ड नंबर चार निवासी अवधेश कुमार यादव की इलाज के दौरान सोमवार की सुबह पटना में मौत हो गयी. सोमवार की देर शाम उनका पार्थिव शरीर घर पहुंचते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गयी. घटना की जानकारी मिलने के बाद फतेहपुर एवं सिरदला प्रखंड के शिक्षकों और नगर पंचायत क्षेत्र में उनके शुभचिंतकों के बीच गम का माहौल है.
जानकारी के अनुसार अवधेश कुमार यादव की पत्नी नवादा जिले में शिक्षिका हैं. शनिवार को उनकी ट्रेनिंग चल रही थी. ट्रेनिंग समाप्त होने के बाद वह वाहन से सिरदला पहुंचीं. सिरदला से फतेहपुर आने के लिए वाहन नहीं मिलने पर उन्होंने अपने पति अवधेश कुमार यादव को फोन कर इसकी जानकारी दी. इसके बाद अवधेश बाइक से सिरदला के लिए रवाना हुए.
अज्ञात वाहन की टक्कर से सड़क पर गिरे रहे अवधेश
बताया जाता है कि इसी दौरान भूतकुआ के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे के बाद अवधेश करीब आधे घंटे तक सड़क किनारे बेहोशी की हालत में पड़े रहे. बारिश होने के कारण कुछ देर तक किसी की नजर उन पर नहीं पड़ी.
करीब आधे घंटे बाद राहगीरों की नजर पड़ने पर उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर लाया गया. यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना रेफर कर दिया.
पटना में इलाज के दौरान तोड़ा दम
पटना में करीब दो दिनों तक चले इलाज के बाद सोमवार की सुबह अवधेश कुमार यादव ने दम तोड़ दिया. मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. वहीं, इस दुखद घटना से फतेहपुर और सिरदला प्रखंड के शिक्षकों में भी शोक की लहर दौड़ गयी है.
बताया गया कि अवधेश कुमार यादव ने इसी वर्ष अपने पुत्र की शादी बड़े धूमधाम से की थी. उनके असामयिक निधन की खबर के बाद नगर पंचायत क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में लोग उनके घर पहुंचे और शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया.
