Wazirganj Women Farmers : स्वयंसेवी संस्था स्वयं शिक्षण प्रयोग द्वारा गुरुवार को वजीरगंज के किसान भवन के सभागार भवन में प्रखंड स्तरीय कृषि संवाद कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यशाला में 100 से अधिक महिला किसान एवं उद्यमियों ने भाग लिया.
हर गांव में कार्यशाला की आवश्यकता
कार्यक्रम का उद्घाटन बीडीओ प्रभाकर सिंह ने किया. बीडीओ ने कहा कि इस तरह की कार्यशाला हर गांव में होनी चाहिए, क्योंकि महिला किसानों के साथ संवाद खेती और परिवार विकास के लिए सबसे महत्वपूर्ण है.
उन्होंने मंझौली गांव की प्रगतिशील महिला किसान अनिता कुमारी का उदाहरण देते हुए कहा कि हमें हर गांव में 4 से 5 अनिता कुमारी जैसी महिला किसान तैयार करनी होगी, जो अपने घर और समाज को बदल सकें.
महिलाओं को सशक्त बनाने की अद्भुत पहल, बीएओ ने सराहा प्रयास
मुख्य अतिथि प्रखंड कृषि पदाधिकारी सरोज कुमार मेहता ने कहा कि स्वयं शिक्षण प्रयोग का अर्थ ही महिलाओं के जीवन में परिवर्तन है. संस्था जिस तरह से महिलाओं को सशक्त बना रही है, वह अद्भुत है.
जैविक खेती की जानकारी और स्वच्छ ऊर्जा पर महिला उद्यमियों के अनुभव
कार्यशाला में सभी कृषि समन्वयकों और कई कंपनियों के प्रतिनिधियों ने जैविक खेती पर जानकारी दी. इस दौरान 5 सफल महिला उद्यमियों ने जैविक खेती और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में अपने अनुभव साझा किए और बताया कि कैसे उन्होंने गांव की स्थिति बदली है.
प्रखंड अधिकारियों और संस्था कर्मियों की उपस्थिति
मौके पर प्रखंड के सभी अधिकारी, संस्था के कार्यकर्ता मौजूद थे. कार्यक्रम का संचालन प्रोजेक्ट मैनेजर कमल किशोर ने किया.
