Sherghati Tiranga Yatra : वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को शेरघाटी में नगर पर्षद, अनुमंडल प्रशासन, भाजपा एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) नगर इकाई की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई.
तिरंगा यात्रा नगर पर्षद कार्यालय से शुरू होकर जेपी चौक, गोला बाजार, नई बाजार होते हुए प्रखंड कार्यालय तक पहुंची. यात्रा में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया.
प्रमुख अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति
तिरंगा यात्रा में मुख्य पार्षद गीता देवी, उप मुख्य पार्षद तारकेश्वर चौधरी, एसडीओ मनीष कुमार, नगर कार्यपालक पदाधिकारी पवन किशोर, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम प्रकाश उर्फ चिंटू सिंह सहित अन्य लोग शामिल हुए.
हाथों में तिरंगा लेकर चल रहे लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष लगाए, जिससे पूरा शहर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा.
Also Read : बोधगया की IAS कॉलोनी में 5 चोरों ने घर को बनाया निशाना, शिक्षक के घर से 5 लाख के जेवर और नकदी ले उड़े
मुख्य पार्षद और जिला संयोजक के विचार
मुख्य पार्षद गीता देवी ने कहा कि वंदे मातरम् सिर्फ एक गीत नहीं, बल्कि देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना का प्रतीक है.
जिला संयोजक अमित कुमार सिन्हा ने कहा कि वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होना देशवासियों के लिए गौरव का अवसर है. एबीवीपी युवाओं को राष्ट्र, समाज और संस्कृति के प्रति दायित्वों के लिए जागरूक करती रही है.
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य का संदेश
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हर्ष सिंह ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है. युवाओं को राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने में आगे रहना चाहिए.
यात्रा में शामिल अन्य गणमान्य लोग
मौके पर पार्षद जितेंद्र सिंह, तारकेश्वर चौधरी, दीनानाथ पांडे, परमानंद मणी, संतोष सिंह के अलावा विद्यार्थी परिषद के रंजन, आयुष, निरंजन, रवि, अमन, विशाल, राहुल, चंदन, वीरेंद्र, शुभम, अमित, नेहा, सुमीत, रूपा, प्रीति और सलोनी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे. यात्रा का समापन प्रखंड कार्यालय के समीप हुआ.
