बोधगया. मगध विश्वविद्यालय के इतिहास विभाग में शुक्रवार को दो प्राध्यापक किसी बात को लेकर भिड़ गये और मामला गाली-गलौज के बाद मारपीट तक पहुंच गया. इसमें विभाग के प्रोफेसर सह आइक्यूएसी के समन्वयक प्रो मुकेश कुमार के माथे में ज्यादा चोटें आयी और इलाज कराना पड़ा. इसके बाद मामला एमयू के कुलसचिव प्रो बीके मंगलम के पास पहुंचा. यहां मामले की जानकारी ली गयी और उसके बाद प्रो मुकेश कुमार के आवेदन को एमयू के कुलानुशासक प्रो उपेंद्र कुमार के पास भेजा गया. कुलसचिव ने बताया कि मामले की जांच कुलानुशासक को सौंपा गया है व इस मामले में दोषी प्राध्यापक पर अनुशासनिक कार्रवाई की जायेगी. इस संबंध में कुलानुशासक प्रो उपेंद्र कुमार ने बताया कि विभागीय काम को लेकर दोनों में विवाद हुआ और एक प्राध्यापक ने मारपीट कर दी, जिससे प्रो मुकेश कुमार के माथे में काफी चोटें आयीं. मामले की जांच कर कुलपति व कुलसचिव को रिपोर्ट भेज दी गयी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
