गया जी के सरबहदा थाना पुलिस ने रोड छिनतई के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. गिरफ्तार युवकों की पहचान पनहरी गांव निवासी आशू कुमार और रोहित कुमार के रूप में हुई है.
दोनों आपस में ममेरे-फुफेरे भाई बताए जाते हैं. पुलिस के अनुसार, दोनों पर आरोप है कि सरबहदा-महकार मार्ग पर कोचिंग से घर लौट रहे एक युवक को रोककर उसके साथ मारपीट की गई. आरोपितों ने चाकू व अन्य हथियार का भय दिखाकर युवक के गले से लॉकेट छीन लिया.
प्राथमिकी दर्ज और पुलिस की कार्रवाई
घटना के बाद पीड़ित युवक की मां रूणा देवी ने सरबहदा थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी. आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की और दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया.
बताया जाता है कि हाल के एक महीने के दौरान सरबहदा–महकार मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में रोड छिनतई की चार से पांच घटनाएं सामने आई थीं. लगातार हो रही ऐसी वारदातों से स्थानीय ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ था. ऐसे में इस गिरफ्तारी को पुलिस की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है.
साइबर क्राइम से जुड़ा पुराना मामला
जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आशू कुमार की तलाश पूर्व में साइबर क्राइम से जुड़े एक मामले में दूसरे जिले की पुलिस भी कर चुकी थी. हालांकि, उस समय उसके विरुद्ध स्थानीय स्तर पर कोई मामला दर्ज नहीं होने के कारण संबंधित पुलिस टीम को बिना कार्रवाई के लौटना पड़ा था.
थानाध्यक्ष का बयान और आगे की कार्रवाई
सरबहदा थानाध्यक्ष निशा कुमारी ने बताया कि दोनों आरोपितों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है तथा छिनतई और लूट जैसी घटनाओं में शामिल अन्य संदिग्धों की भी पहचान कर कार्रवाई की जा रही है.
Also Read : गया जी के शेरघाटी में चोर होने के शक में किशोर की पीट-पीटकर हत्या, दो हिरासत में, गांव में तनाव
