गया जी जिले के टनकुप्पा थाना क्षेत्र के बरतारा निवासी और पूर्व प्रखंड प्रमुख माला देवी के पति डॉ. धीरेन्द्र पासवान (53) की शनिवार की सुबह सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी. घटना की सूचना मिलते ही बरतारा बाजार के व्यवसायियों ने शोक में अपनी दुकानें बंद रखीं.
बाजार में दिनभर सन्नाटा पसरा रहा. पोस्टमार्टम के बाद शाम को शव गांव पहुंचा, जहां परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया.
पत्नी के इलाज के लिए जा रहे थे गया
जानकारी के अनुसार, शनिवार की सुबह करीब चार बजे डॉ धीरेन्द्र पासवान अपनी पत्नी माला देवी को इलाज के लिए टेंपो से गया ले जा रहे थे. उनके साथ बेटी सोनी कुमारी और साढ़ू विनोद पासवान भी थे. ऑटो में अन्य यात्री भी सवार थे.
द्वारिका गांव के समीप एसएच-70 पर बारिश के कारण एक पेड़ सड़क की ओर झुक गया था. इससे वाहनों के आवागमन में परेशानी हो रही थी.
सड़क पर झुके पेड़ को देखने में हुआ हादसा
इसी दौरान सड़क पर झुके पेड़ की स्थिति देखने के लिए डॉ. धीरेन्द्र पासवान ने टेंपो से अपना सिर बाहर निकाला. तभी विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनके सिर में जोरदार टक्कर मार दी.
हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गये. उनके सिर से काफी खून बहने लगा. दुर्घटना के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया.
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी. इसके बाद घायल डॉ धीरेन्द्र पासवान को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टनकुप्पा ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज, गया भेज दिया. धीरेन्द्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गयी. पत्नी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था.
शाम को शव पहुंचते ही छाया मातम
घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और शुभचिंतक अस्पताल पहुंचे. बरतारा बाजार के व्यवसायियों ने घटना के बाद शोक में अपनी दुकानें बंद रखीं. व्यवसायियों ने कहा कि डॉ धीरेन्द्र पासवान की मौत से पूरा क्षेत्र मर्माहत है. शाम को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा, जहां अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ जुट गयी.
इसके बाद गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया. टनकुप्पा थानाध्यक्ष बसंत कुमार राय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है. अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान करने के साथ दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है.
