Gaya Ji News : गया जी के गुरुआ थाना क्षेत्र में इन दिनों चोरों के बढ़ते आतंक से आम लोग बेहद परेशान हैं. शुक्रवार की रात फेसरा गांव में अज्ञात चोरों ने दो अलग-अलग घरों को निशाना बनाते हुए करीब एक लाख रुपये मूल्य के कीमती जेवर और 17 हजार रुपये नकद की चोरी कर ली. इस दुस्साहसिक घटना की जानकारी शनिवार सुबह तब हुई, जब परिवार के लोग सोकर उठे और कमरों का सारा सामान बिखरा हुआ देखा.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरों ने सबसे पहले मदन यादव के घर में घुसकर वहां रखे 12 हजार रुपये नकद और करीब एक लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर चुरा लिए. इसके बाद बदमाशों ने ईश्वर यादव के घर में हाथ साफ किया और वहां से पांच हजार रुपये नकद लेकर आसानी से फरार हो गये.
150 मीटर दूर टूटी हालत में मिला बक्सा
चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद शातिर बदमाश घर के अंदर से ले गए कीमती बक्से को तोड़कर गांव से करीब डेढ़ सौ मीटर दूर सुनसान जगह पर फेंक गये, जहां सुबह वह पूरी तरह टूटी हुई अवस्था में बरामद किया गया. गौरतलब है कि इस घटना से ठीक एक रात पहले भी चोरों ने नौडीहा गांव के तीन अलग-अलग घरों में धावा बोलकर लाखों रुपये की संपत्ति की बड़ी चोरी की थी.
क्षेत्र में लगातार दो रातों में हुई इन बड़ी वारदातों से इलाके के ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है. स्थिति यह है कि अपनी सुरक्षा के लिए लोग रात-रात भर जागकर सामूहिक पहरा देने को मजबूर हैं.
थानाध्यक्ष ने दिया जल्द गिरफ्तारी का भरोसा
लगातार हो रही चोरी की इन बेखौफ घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं. लगातार बढ़ती चोरियों से ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता है.
इधर, घटना के संबंध में थानाध्यक्ष मनेश कुमार ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि क्षेत्र में सक्रिय और इन चोरी की घटनाओं में शामिल बदमाशों की जल्द ही पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जायेगा.
Also Read : गया जी : बोरवेल में गिरने के बाद भी हाथ से नहीं छोड़ा मोबाइल, NDRF ने ‘अंकुशी’ तकनीक से बचाई जान
