गया. सीयूएसबी के शिक्षक शिक्षा विभाग (डीटीइ) एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वाधान में बीएससी/बीए बीएड इंटर्न विद्यार्थियों द्वारा मिडिल एवं हाई स्कूल टेपा, फतेहपुर में विज्ञान प्रदर्शनी आयोजित की गयी. कुलपति प्रो कामेश्वर नाथ सिंह के कैंपस फॉर कम्युनिटी मुहीम के तहत आयोजित इस प्रदर्शनी कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों के बीच जिज्ञासा और नवाचार को प्रोत्साहित करना, वैज्ञानिक जिज्ञासा और कला को बढ़ावा देना था. पीआरओ मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि एनएसएस के समन्वयक प्रो बुधेंद्र सिंह के नेतृत्व में कार्यक्रम का आयोजन डीटीइ के सहायक प्राध्यापक डॉ रिंकी व डॉ मुजम्मिल हसन ने किया. मिडिल व हाई स्कूलों के प्रधानाचार्य दयानंद सरस्वती व सुमिता कुमारी के कुशल निर्देशन में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ. मिडिल स्कूल, टेपा में शिक्षक इंटर्न्स, जया सरोज और अंकित राज, हाई स्कूल, टेपा फतेहपुर में रुपाली भगत व आदित्य व अन्य ने कार्यक्रम के प्रबंधन से लेकर क्रियान्वयन तक हर स्तर पर सक्रिय भूमिका निभायी. विज्ञान प्रदर्शनी के तहत अन्य उप कार्यक्रम भी आयोजित किये गये, जिनमें पौधों की प्रदर्शनी प्रमुख रही. इस प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने विभिन्न पौधों की उपयोगिता और उनके औषधीय गुणों के बारे में जानकारी दी. इसके अलावा विद्यार्थियों द्वारा बनाये गये पोस्टरों का प्रदर्शन भी आकर्षण का केंद्र रहा, जिसमें ग्लोबल वार्मिंग और प्रदूषण जैसे समसामयिक मुद्दों पर जागरूकता बढ़ाने वाले पोस्टर प्रस्तुत किये गये. इस प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक सोच और रचनात्मकता का बेहतरीन परिचय दिया, जिसे शिक्षकों व अतिथियों ने खूब सराहा. कार्यक्रम के अंत में पुरस्कार वितरण समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें मिडिल स्कूल टेपा की पूजा कुमारी, आफरीन, अनामिका, शिवम, प्रीतम और सोनू तथा हाई स्कूल टेप के भी विद्यार्थियों को उनके विज्ञान मॉडल और प्रस्तुति के लिए विशेष रूप से पुरस्कृत किया गया. विज्ञान और नवाचार के प्रति उनकी रुचि को बढ़ावा देने वाले इस कार्यक्रम ने उन्हें नये दृष्टिकोण से सोचने और प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
