पुलिस को चकमा दे आरोपित फरार

चोरी के आरोपित को पेशी के लिए कोर्ट ले गयी थी कौआकोल पुलिस

चोरी के आरोपित को पेशी के लिए कोर्ट ले गयी थी कौआकोल पुलिस

नगर थाना में सिपाही ने दर्ज करायी प्राथमिकी

प्रतिनिधि, नवादा कार्यालय.

जिले में एक बार फिर पुलिस अभिरक्षा से अभियुक्त के फरार होने का मामला सामने आया है. इस बार लापरवाही कौआकोल थाना की पुलिस ने बरती है, जहां 24 वर्ष पुराने एक केस में गिरफ्तार वारंटी व्यवहार न्यायालय में पेशी के दौरान पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया. फरार वारंटी की पहचान कौआकोल थाना क्षेत्र के कदहर गांव निवासी रविंद्र सिंह के पुत्र राकेश सिंह के रूप में हुई है. उसके खिलाफ वर्ष 2001 में घर में घुस कर चोरी करने के आरोप में कांड संख्या 18/2001 दर्ज की गयी थी. फरार वारंटी विगत कई वर्षों से न्यायालय से फरार चल रहा था. इसके बाद माननीय न्यायालय की ओर से राकेश सिंह के खिलाफ वारंट जारी किया गया. वारंट जारी होते ही काफी मशक्कत के बाद कौआकोल थाना की पुलिस ने फरार वारंटी राकेश सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेशी के लिए हथकड़ी लगाकर पुलिस अभिरक्षा में भेजा था. वहां वारंटी राकेश सिंह पुलिस को चकमा देकर हाथों से हथकड़ी निकाल नौ दो ग्यारह हो गया. फरार होने वाले वारंटी की धड़पकड़ को लेकर पुलिस देर रात तक शहर और संभावित ठिकानों की खाक छानती रही. लेकिन, राकेश सिंह की बरामदगी देर रात तक नहीं हो सकी. इसके बाद बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस बल के सिपाही अमित काजी ने नगर थाना पहुंच कर वारंटी राकेश सिंह के खिलाफ पुलिस अभिरक्षा से फरार हो जाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज करायी है.

इससे पहले भागा था शराब धंधेबाज

बता दें कि बीते मई माह में पुलिस अभिरक्षा से फरार होने का यह दूसरा मामला प्रकाश में आया है. इससे पूर्व नौ मई को भी उत्पाद पुलिस की आंखों में धूल झोंक कर एक आरोपित फरार हो गया था. शराब मामले में गिरफ्तार कोडरमा निवासी शराब धंधेबाज हाजत में बेहोश होने की नौटंकी कर पहरा में रहे जवान को चकमा देकर थाना की चहारदीवारी को फांद फरार हो गया था. शनिवार को कौआकोल थाना की पुलिस के अभिरक्षा से वारंटी राकेश सिंह के फरार हो जाने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशान उठना शुरू हो गया है.

चौकीदार और होमगार्ड के भरोसे पेशी

विधि अनुकूल किसी भी अभियुक्त को न्यायालय में प्रस्तुत करने के लिए एक जिम्मेवार अधिकारी को प्रतिनियुक्त किये जाने का प्रावधान निहित है. बावजूद सोशल मीडिया पर अक्सर पाया जाता है कि चौकीदार व होमगार्ड के जवान लापरवाहीपूर्ण तरीके से आरोपितों को न्यायालय में उपस्थापन के लिए पहुंचाते हैं. आरोपितों के हाथों में हथकड़ी रहती है, लेकिन रस्सी पकड़ के चलने से परहेज कर पुलिसकर्मी रस्सी भी लपेट कर अभियुक्तों को ही थमा देते हैं. साथ ही परिजनों से मुलाकाती के समय या फिर नाश्ता-पानी के वक्त भी बड़े पैमाने पर लापरवाही देखने को मिलती रही है.

पुलिस अभिरक्षा से फरार आरोपित

(1) छह जनवरी 2014 को जमुई जिले के दो सगे भाइयों की हत्या के मामले में कौआकोल थाना की पुलिस के हत्थे चढ़ा सिकंदरा निवासी कुख्यात अपराधी रामरतन चौधरी कोर्ट हाजत से पेशी के दौरान पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था.(2) छह जुलाई 2022 को जिले के सीतामढ़ी थाना की पुलिस के हत्थे चढ़ा शराब मामले में गया जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र के मलिकपुर गांव निवासी नौशाद उर्फ मंटू कोरोना जांच कराने के दौरान सदर अस्पताल नवादा से फरार हो गया था.(3) 14 जुलाई 2022 को बकरी चोरी के आरोप में गिरफ्तार डीसी यादव उर्फ विक्की गोविंदपुर पुलिस को चकमा देकर पहले हथकड़ी खोली, फिर ऑटो से कूद कर खूरी नदी में छलांग लगा फरार हो गया था.(4) 15 जुलाई 2022 को हत्या के मामले में मंडलकारा नवादा में बंद रोह थाना क्षेत्र के महकार निवासी कुख्यात अपराधी छोटू यादव सदर अस्पताल में इलाज के दौरान पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था.(5) 15 सितंबर 2022 को नशे में मिर्जापुर मुहल्ले में हंगामा करते गिरफ्तार अस्पताल रोड निवासी मो राजा उत्पाद पुलिस को चकमा देकर हथकड़ी खोल कर फरार हो गया था.(6) 11 नवंबर 2022 को नरहट पुलिस के हत्थे चढ़ा बाइक चोरी का आरोपित सोनू कुमार न्यायालय में पेशी के दौरान पुलिस की नजरों से बचा कर हथकड़ी खोल चलते ऑटो से कूद कर फरार हो गया था.(7) 19 अप्रैल 2023 को कट्टे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार नगर थाना क्षेत्र के गोंदापुर निवासी अतुल कुमार सदर अस्पताल नवादा से होमगार्ड जवान को चकमा देकर फरार हो गया था.(8) 22 अगस्त 2024 को शराब के मामले में उत्पाद पुलिस के हत्थे चढ़ा शराब धंधेबाज मुजफ्फरपुर जिले के वार्ड 12 स्थित यादव टोला निवासी मो सलमान के पुत्र मो जिशान उत्पाद पुलिस को चकमा देकर सदर अस्पताल नवादा से फरार हो गया था.(9) 10 मई 2025 को उत्पाद पुलिस के हत्थे चढ़ा गिरफ्तार झारखंड राज्य के कोडरमा लक्खीबागी निवासी शराब धंधेबाज दीपक कुमार हाजत में बीमारी की नौटंकी कर बाहर आया और उत्पाद पुलिस की आंखों में धूल झोंक थाना की चहारदीवार फांद कर फरार हो गया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ASHUTOSH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >