Gaya Ji News : गया जी के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र अंतर्गत गांधी मैदान समिति स्थित जयप्रकाश झरना के समीप गुरुवार को एक अनियंत्रित थार वाहन ने स्कूटी और ई-रिक्शे समेत कई वाहनों में जोरदार धक्का मार दिया. इस दर्दनाक दुर्घटना में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गये. सभी घायलों को तत्काल त्वरित इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. घायलों में से एक युवक की पहचान गेवालबिगहा मुहल्ले के रहने वाले मोहम्मद फैजान के रूप में की गई है.
आक्रोशित भीड़ ने वाहन में की तोड़फोड़, पुलिस ने किया बल प्रयोग
इस भीषण दुर्घटना के तुरंत बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गयी. आक्रोशित लोगों ने थार वाहन को घेर लिया और उसमें जमकर तोड़फोड़ कर दी. घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइंस थाना पुलिस के साथ कई अन्य थानों की पुलिस, थानाध्यक्ष और सिटी डीएसपी सरोज कुमार शाह तुरंत मौके पर पहुंचे.
उग्र भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा, जिसके बाद वहां मौजूद लोग तितर-बितर हो गये. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाग्रस्त थार, स्कूटी और ई-रिक्शा को जब्त कर लिया.
क्षतिग्रस्त वाहन जब्त, उपद्रवियों पर वीडियो फुटेज से होगी कार्रवाई
सिटी डीएसपी सरोज कुमार साह ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार थार और स्कूटी के बीच सीधी टक्कर हुई है. स्कूटी पर सवार दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को तुरंत कब्जे में लेकर सड़क से हटवा दिया है, जिससे बाधित यातायात पूरी तरह सामान्य हो गया.
उन्होंने बताया कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है. थार वाहन में की गयी तोड़फोड़ के मामले में भी पुलिस वीडियो फुटेज और तस्वीरों के आधार पर उपद्रव करने वालों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई करेगी. फिलहाल घटनास्थल पर स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में और शांतिपूर्ण है तथा पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है.
Also Read : गया जी के दिघी तालाब में बनेगा आइकॉनिक ब्रिज, 3.35 करोड़ की लागत से तीन महीने में होगा सौंदर्यीकरण
