गया के ऐर गांव में एक माह से बंद नल-जल योजना, पेयजल संकट से परेशान ग्रामीणों ने दी सड़क जाम की चेतावनी

गया के ऐर गांव में नल-जल योजना पिछले एक महीने से बंद है, जिससे 40-50 घरों के ग्रामीण गंभीर पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं. एकमात्र चापाकल पर भीड़ के कारण महिलाओं और बच्चों को परेशानी हो रही है. पीएचईडी के आश्वासन के बावजूद, ग्रामीणों ने समाधान न होने पर सड़क जाम की चेतावनी दी है.

Gaya Ji nal jal yojana: मोहड़ा प्रखंड क्षेत्र की तेतर पंचायत के वार्ड नंबर-1 स्थित ऐर गांव में पिछले एक माह से नल-जल योजना की आपूर्ति बंद रहने से ग्रामीणों के सामने गंभीर पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है. लंबे समय से पानी की समस्या झेल रहे ग्रामीणों का आक्रोश रविवार को बढ़ गया. ग्रामीणों ने समस्या का समाधान नहीं होने पर सड़क जाम कर विरोध-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया था. हालांकि, पीएचईडी के एसडीओ के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने फिलहाल सड़क जाम का निर्णय टाल दिया.

40 से 50 घर नल-जल योजना पर निर्भर

ग्रामीणों के अनुसार, गांव में करीब 40 से 50 घरों के लोग नल-जल योजना पर निर्भर हैं. पिछले एक माह से आपूर्ति ठप रहने के कारण ग्रामीणों को गांव के एकमात्र चापाकल के सहारे अपनी जरूरतें पूरी करनी पड़ रही हैं. चापाकल पर सुबह से ही पानी भरने के लिए लोगों की भीड़ जुट जाती है. इससे खासकर महिलाओं और बच्चों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है. ग्रामीणों ने बताया कि पर्याप्त पानी नहीं मिलने से घरेलू कामकाज के साथ बच्चों के स्कूल जाने की तैयारी भी प्रभावित हो रही है.

कई बार शिकायत के बावजूद नहीं हुआ समाधान

ग्रामीण मंजीत सिंह, दीना सिंह, दरोगी सिंह, पारस सिंह, सतीश पाण्डेय, विमला देवी समेत दर्जनों ग्रामीणों ने बताया कि नल-जल योजना बंद रहने की जानकारी संबंधित विभाग को कई बार दी जा चुकी है. इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है. ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी के मौसम में पानी की जरूरत और बढ़ जाती है. इसके बावजूद एक माह से पेयजल आपूर्ति बंद रहना परेशानी का कारण बना हुआ है. ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल नल-जल योजना चालू कराने की मांग की है.

तकनीकी खराबी दूर कराने का प्रयास जारी

इस संबंध में पीएचईडी के एसडीओ मुकेश कुमार ने बताया कि नल-जल योजना में तकनीकी खराबी आयी है, जिसे दूर कराने का प्रयास किया जा रहा है. यदि नीचे पानी उपलब्ध है तो मशीन की मरम्मत कराकर तत्काल नल-जल आपूर्ति शुरू करा दी जाएगी. उन्होंने बताया कि जल्द ही मरम्मत टीम को गांव भेजकर स्थिति का जायजा लिया जाएगा. इसके बाद आवश्यक कार्रवाई करते हुए पेयजल आपूर्ति बहाल करायी जाएगी.

समाधान नहीं हुआ तो दोबारा सड़क जाम की चेतावनी

इधर, ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द नल-जल योजना को चालू कर पेयजल संकट का समाधान नहीं किया गया तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे. ग्रामीणों का कहना है कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा के लिए आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़े, यह दुर्भाग्यपूर्ण है. एसडीओ के आश्वासन के बाद फिलहाल सड़क जाम का निर्णय टाल दिया गया है. ग्रामीणों ने कहा कि निर्धारित समय में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे दोबारा सड़क जाम कर आंदोलन करने को बाध्य होंगे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Amitabh ranjan khijarsaray

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >