गया जी : 76 विकास योजनाओं पर काम तेज, शहर में सुधरेंगी सड़क, नाली और सार्वजनिक सुविधाएं

Gaya Ji News : शेरघाटी नगर परिषद ने शहर के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के लिए 76 विकास योजनाओं पर काम तेज कर दिया है. नाली, सड़क, पार्क और यात्री सुविधाओं के विस्तार से शहर की गुणवत्ता में बड़ा सुधार आएगा.

Gaya Ji News : नगर परिषद शेरघाटी ने शहर में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए विकास कार्यों की रफ्तार तेज कर दी है. नाली, गली, पार्क, सार्वजनिक शौचालय, बस स्टैंड और यात्री शेड जैसी योजनाओं पर एक साथ काम चल रहा है. नगर प्रशासन का दावा है कि इन योजनाओं के पूरा होने के बाद शहर की मूलभूत सुविधाओं में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा.

बुनियादी ढांचे के विस्तार की तैयारी

नगर कार्यपालक पदाधिकारी ऋचा प्रियदर्शिनी ने बताया कि नगर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में कुल 76 विकास योजनाओं का टेंडर पूरा किया जा चुका है. इन योजनाओं के तहत सड़क, नाली, पार्क, सार्वजनिक सुविधाओं और अन्य बुनियादी ढांचे का विस्तार किया जाएगा. कई योजनाओं पर निर्माण कार्य शुरू हो चुका है, जबकि कुछ पर जल्द काम शुरू होगा.

जलजमाव से मुक्ति और स्वच्छता पर जोर

शहर के नूतन नगर और शेखपुरा में नाला निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है. जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एक और नाले के निर्माण की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है. नगर परिषद का मानना है कि इससे बरसात के दिनों में जलजमाव की समस्या काफी हद तक कम होगी.

स्वच्छता और पार्क निर्माण पर जोर

स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए वर्तमान में संचालित दो सार्वजनिक शौचालयों के अलावा छह नए सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण कराया जा रहा है. वहीं, शहर में विकसित किए जा रहे पार्क के साथ वार्ड संख्या-5 में एक और पार्क का निर्माण भी प्रस्तावित है, जिसके लिए टेंडर जारी किया जा चुका है.

यात्रियों के लिए आधुनिक बस स्टैंड

यात्रियों की सुविधा के लिए शहर के विभिन्न स्थानों पर आठ यात्री शेड बनाए गए हैं. इसके साथ ही आधुनिक सुविधाओं से लैस बस स्टैंड और यात्री प्रतीक्षालय का निर्माण भी प्रगति पर है, जिससे आने-जाने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी.

समय पर योजनाएं पूरी करने का लक्ष्य

मुख्य पार्षद गीता देवी ने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य शेरघाटी को स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त शहर के रूप में विकसित करना है. उन्होंने कहा कि सभी विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर योजनाएं पूरी कर आम लोगों को उनका पूरा लाभ समय पर मिल सके.

Also Read : गया जी : UPSC पास कर शुरू किया था सफर, अब डिप्टी कमांडेंट बने अमित कुमार


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >