गया जी : जाम से परेशान शेरघाटी में SDO का बड़ा फैसला, जीटी रोड पर पार्किंग बंद; बड़े वाहनों की एंट्री भी रुकेगी

शेरघाटी शहर को जाममुक्त और व्यवस्थित बनाने के लिए एसडीओ जतिन कुमार ने अहम कदम उठाए हैं. जीटी रोड पर नो-पार्किंग और बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक जैसे सख्त नियम लागू किए गए हैं. अतिक्रमण के खिलाफ भी बड़े पैमाने पर कार्रवाई की जाएगी.

Gaya News (नवीन कुमार मिश्रा) : शहर को जाममुक्त, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए शेरघाटी एसडीओ सह आईएएस अधिकारी जतिन कुमार ने कार्रवाई शुरू कर दी है. शनिवार की शाम उन्होंने थाना मोड़ के समीप चेरकी रोड का निरीक्षण कर वहां प्रतिदिन लगने वाले जाम की स्थिति का जायजा लिया.

निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने बस स्टैंड में बसों का ठहराव नहीं होने पर नाराजगी जताई और जीटी रोड पर बसों, टेंपो व ई-रिक्शा की पार्किंग तथा सड़क पर सवारी बैठाने पर रोक लगाने के निर्देश दिए.

जीटी रोड पर नो-पार्किंग अभियान और नो-एंटी नियम लागू

एसडीओ ने एसआई इम्तियाज को थाना मोड़ व चेरकी रोड पर लगने वाले जाम की नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि नो-पार्किंग अभियान जारी रहेगा और सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक शहर में बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी.

रविवार से जीटी रोड की दोनों लेन पर अवैध पार्किंग और सड़क किनारे सवारी बैठाने वाले वाहनों पर कार्रवाई कर भारी जुर्माना वसूला जाएगा.

चेरकी रोड पर होगी बैरिकेडिंग, टोल बचाने वाले भारी वाहनों पर कसेगा शिकंजा

स्थानीय लोगों ने बताया कि डोभी रोड पर टोल शुरू होने के बाद टोल टैक्स से बचने के लिए भारी वाहनों का आवागमन चेरकी रोड से बढ़ गया है.

इस पर एसडीओ ने चेरकी रोड पर बड़े वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए बैरिकेडिंग करने का निर्देश दिया. उन्होंने साफ किया कि सड़क के किनारे यत्र-तत्र टेंपो और ई-रिक्शा की पार्किंग बिल्कुल नहीं होगी.

गोला बाजार में बनेगा गोलंबर, नगर परिषद को दिए निर्देश

शहर के सुगमता से संचालन के लिए एसडीओ ने गोला बाजार रोड के तीनमुहान के पास गोलंबर निर्माण के लिए नगर परिषद को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया. इस पहल से चौराहे पर यातायात का दबाव कम होने और आवागमन सुचारू होने की उम्मीद जताई जा रही है.

दुकानों के बाहर सामान रखने पर जुर्माना, अतिक्रमण के खिलाफ चलेगा अभियान

शहर को पूरी तरह अतिक्रमणमुक्त करने के लिए दुकानों के बाहर सामान रखने वाले दुकानदारों के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाकर जुर्माना वसूला जाएगा. निरीक्षण के दौरान एसडीओ के साथ शेरघाटी बीडीओ विनोद कुमार भी मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >