Sherghati Electricity Overbilling (नवीन कुमार मिश्रा) : गया जी जिले के शेरघाटी प्रखंड कार्यालय के सभागार में गुरुवार को 20 सूत्री कार्यक्रम की बैठक आयोजित की गई. बैठक में विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली को लेकर सदस्यों ने अधिकारियों के समक्ष कई गंभीर मुद्दे उठाए.
बिजली विभाग और म्यूटेशन की शिकायत
सदस्य अरुण चंद्रवंशी ने विद्युत विभाग पर जीरो ड्यूज वाले कई उपभोक्ताओं को भी 500 से लेकर 20 हजार तक का ओवर बिल भेजने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि इससे उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है.
सदस्यों ने गरीब उपभोक्ताओं को जांच के नाम पर परेशान करने का भी आरोप लगाया. इस पर कनीय अभियंता ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है, शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी. सदस्यों ने अंचल कार्यालय में म्यूटेशन के लिए लोगों को बार-बार चक्कर लगाने का मुद्दा भी उठाया.
सीडीपीओ की अनुपस्थिति पर सवाल
सांसद प्रतिनिधि सह सदस्य मनोज मांझी ने बाल विकास परियोजना पदाधिकारी के नियमित रूप से कार्यालय नहीं आने की शिकायत की.
अस्पताल की अव्यवस्था और सुविधाओं की कमी
अनुमंडल अस्पताल की व्यवस्था पर भी सदस्यों ने सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि रोस्टर के अनुसार डॉक्टरों की उपस्थिति नहीं होने से मरीजों को परेशानी होती है.
अस्पताल में दंत, नेत्र, हड्डी और स्त्री रोग विशेषज्ञ की कमी के साथ अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं होने का मुद्दा भी उठाया गया. गर्भवती महिलाओं को जांच के लिए बाहर जाना पड़ता है.
अधिकारी का पक्ष और अन्य मांगें
अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. उदय कुमार ने बताया कि अस्पताल में 171 प्रकार की दवाएं उपलब्ध हैं. ट्रामा सेंटर में अभी बहाली नहीं हुई है, जबकि वेंटिलेटर उपलब्ध है. बैठक में मनरेगा की योजनाओं की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग भी की गई.
बैठक में बीडीओ विनोद कुमार, अध्यक्ष प्रो. अरविंद कुमार, रवि कुमार सिंह, विनय कुमार सिन्हा, अमानुल्लाह खान, मनोज मांझी समेत अन्य सदस्य मौजूद थे.
