Gaya Ji News : दिल्ली के सफदरजंग इलाके में मजदूरी कर रहे 30 वर्षीय रोहित मांझी की छत से गिरने से मौत हो गयी. सूचना मिलने पर परिजन एक सितंबर को दिल्ली पहुंचे और गुरुवार को शव लेकर पैतृक गांव डोभी पहुंचे, जहां पहुंचते ही परिवार में चीत्कार मच गया. शव को देखकर परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे और पूरे गांव में शोक की लहर फैल गयी.
काम के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा
मृतक रोहित मांझी वीजा निवासी थे और वे राज मिस्त्री का काम करते थे. जानकारी के अनुसार 31 अगस्त को रोज की तरह काम कर रहा था. इसी दौरान छत से गिरने से गंभीर चोटें आयीं. घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. दिल्ली में रहने वाले साथियों ने परिजनों को फोन कर घटना की सूचना दी.
परिवार में मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
रोहित मांझी अपने पीछे तीन नन्हे बच्चों में नौ वर्षीय राखी कुमारी, छह वर्षीय मनीष कुमार, चार वर्षीय शिवांशी कुमारी व पत्नी सहित परिवार छोड़ गये हैं. पत्नी और अन्य परिजन बेसुध रो-रोकर बुरा हाल हैं.
परिवार पर गहराया आर्थिक संकट
परिजन बताते हैं कि रोहित ही परिवार का मुख्य उपार्जक था. उनकी आकस्मिक मृत्यु से परिवार पर आर्थिक संकट छा गया है और परिजन अब भरण-पोषण के अभाव का सामना कर सकते हैं.
गांव में शोक और मदद की आस
गांव में सहानुभूति की लहर है और कई लोग शोकाकुल परिवार की मदद के लिए आगे आने की बात कर रहे हैं. स्थानीय प्रशासन या सहायतार्थ किसी भी तरह की सहायता की जानकारी मिलने पर परिजन का दर्द कुछ हद तक कम हो सकता है.
